भोपालगढ़ में कांग्रेस के पांच सदस्य निष्कासित

WhatsApp Channel Join Now
भोपालगढ़ में कांग्रेस के पांच सदस्य निष्कासित


जोधपुर, 28 नवम्बर (हि.स.)। भोपालगढ़ पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर क्रॉस वोटिंग करना कांग्रेस के पांच निर्वाचित सदस्यों को भारी पड़ गया। पार्टी विरोधी गतिविधियों और गंभीर अनुशासनहीनता को देखते हुए जोधपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने पांचों सदस्यों को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।

जिला अध्यक्ष गीता बरवड़ के निर्देशानुसार संगठन महासचिव डॉ. राकेश कुमार चौधरी ने निष्कासन का आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी किया है। पंचायत समिति भोपालगढ़ के प्रभारी की रिपोर्ट और प्राप्त शिकायतों के आधार पर पांच निर्वाचित सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। निष्कासित सदस्यों में वार्ड संख्या 2 से उच्छब कंवर रूदिया, वार्ड संख्या 3 से दुर्गा देवी बिरानी (प्रधान प्रत्याशी), वार्ड संख्या 7 से शारदा देवी देवातड़ा, वार्ड संख्या 8 से दुर्गाराम माली अरटिया और वार्ड संख्या 12 से रामनिवास देवनगर बासनी शामिल है। जिला कांग्रेस कमेटी ने आदेश में स्पष्ट किया है कि जिन पार्टी पदाधिकारियों ने पर्दे के पीछे रहकर पार्टी विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दिया और निर्वाचित सदस्यों को क्रॉस वोटिंग के लिए प्रेरित किया, उनकी भी पहचान की जा रही है। ऐसे पदाधिकारियों के खिलाफ जांच के बाद सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आदेश की प्रतिलिपि प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जयपुर और संबंधित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

कार्रवाई को लेकर जोधपुर देहात जिला अध्यक्ष एवं भोपालगढ़ विधायक गीता बरवड़ ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इन सदस्यों ने पार्टी के साथ सीधी गद्दारी की है। जनता ने इन्हें कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जिताकर भेजा था, लेकिन जब पार्टी ने प्रधान पद का उम्मीदवार बनाया तो इन्होंने अपने ही प्रत्याशी के पक्ष में मतदान नहीं किया और दूसरे दल के पक्ष में वोट दिया। इसी विश्वासघात और अनुशासनहीनता के चलते इन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story