ट्रेलर की चपेट में आने से मां-बेटे समेत तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेलर की चपेट में आने से मां-बेटे समेत तीन की मौत


जयपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। भीलवाड़ा जिले में आसींद-बदनोर राजमार्ग पर बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। परा गांव चौराहे के पास परा बालाजी के निकट तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बदनोर थाना प्रभारी शंभूदयाल मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 158 पर हुए हादसे में बदनोर थाना क्षेत्र के गारियां का खेड़ा निवासी रुकमा देवी (40) पत्नी रायमल गुर्जर, उसके बेटे गोविंद (20) और भांजे रोशन (23) की मौत हो गई। तीनों आसींद से खरीदारी करने के बाद बाइक से पाटन क्षेत्र स्थित अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

इस हादसे में मां, बेटे और भांजे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और गुर्जर समाज के लोग घटनास्थल पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। गांव में मातम पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story