भाजपा ने जहाजपुर प्रशिक्षण शिविर से साधा 2028 चुनाव का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने जहाजपुर प्रशिक्षण शिविर से साधा 2028 चुनाव का लक्ष्य


भाजपा ने जहाजपुर प्रशिक्षण शिविर से साधा 2028 चुनाव का लक्ष्य


भाजपा ने जहाजपुर प्रशिक्षण शिविर से साधा 2028 चुनाव का लक्ष्य


भीलवाड़ा, 24 मई (हि.स.)। राजस्थान में आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर में आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से संगठनात्मक शक्ति, वैचारिक प्रतिबद्धता और चुनावी रणनीति का बड़ा संदेश दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित इस शिविर को भाजपा की आगामी राजनीतिक रणनीति के महत्वपूर्ण मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।

शिविर के समापन सत्र में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि घोटाले कर जमानत पर चल रहे लोगों से देश को बचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य करती है। देश के कण-कण से आत्मीयता रखने वाले और महापुरुषों का सम्मान करने वाले लोगों का शासन ही राष्ट्र को स्थिरता और विकास दे सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

दसवें सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि अंत्योदय, एकात्म मानववाद और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद भाजपा संगठन की मूल आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाना ही भाजपा की राजनीति का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है। संगठन का लक्ष्य केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और अवसरों को पहुंचाना है।

शिविर के विभिन्न सत्रों में बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया और डिजिटल प्रचार को आगामी चुनावों में भाजपा की प्रमुख रणनीति के रूप में प्रस्तुत किया गया। पूर्व मंत्री अनीता भदेल ने “मेरा बूथ-सबसे मजबूत” अभियान को चुनावी सफलता का आधार बताते हुए बूथ समितियों के गठन और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर जोर दिया। वहीं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री मुकेश कंवर ने सोशल मीडिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित प्रचार के जरिए राजनीतिक नैरेटिव मजबूत करने का प्रशिक्षण दिया। कार्यकर्ताओं को फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे डिजिटल माध्यमों के जरिए पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर में संगठनात्मक अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों का भी प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने स्वयं बर्तन धोए, प्लास्टिक मुक्त आयोजन किया गया तथा कुल्हड़ों का उपयोग किया गया। इसके साथ ही महापुरुषों के नाम पर कक्षों का नामकरण कर संगठनात्मक संस्कृति और वैचारिक परंपरा को प्रदर्शित किया गया।

प्रदेश नेतृत्व ने भीलवाड़ा जिला भाजपा के इस आयोजन को प्रदेश के लिए मॉडल बताते हुए इसकी सराहना की। इससे संकेत मिले कि भाजपा अब प्रशिक्षण शिविरों को केवल औपचारिक कार्यक्रम न रखकर उन्हें राजनीतिक, वैचारिक और चुनावी तैयारी का केंद्र बना रही है।

शिविर में राष्ट्रीय मुद्दों और संगठन के इतिहास पर आधारित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। भाजपा इसे वैचारिक रूप से प्रशिक्षित और तकनीकी रूप से सक्षम कार्यकर्ता तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने कहा कि जहाजपुर का यह शिविर संगठन, राष्ट्रवाद, बूथ मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और अनुशासन के समन्वय का उदाहरण बना है। उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले चुनावों के लिए जमीनी और डिजिटल दोनों स्तरों पर पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Share this story