भीलवाड़ा की उड़ान को संसद से मिली रफ्तार, हमीरगढ़ एयरस्ट्रिप पर फिर जगी उम्मीदें

WhatsApp Channel Join Now
भीलवाड़ा की उड़ान को संसद से मिली रफ्तार, हमीरगढ़ एयरस्ट्रिप पर फिर जगी उम्मीदें


भीलवाड़ा, 02 अप्रैल (हि.स.)। लंबे समय से हवाई कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे भीलवाड़ा जिले के लिए अब बड़ी खबर सामने आई है। हमीरगढ़ हवाई पट्टी के विकास और यहां से देश के प्रमुख महानगरों दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद के लिए नियमित उड़ानें शुरू करने की मांग अब संसद के पटल तक पहुंच चुकी है। भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने आज लोकसभा के शून्यकाल में इस अहम मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाकर क्षेत्रवासियों की उम्मीदों को नई उड़ान दे दी है।

सांसद अग्रवाल ने क्षेत्रीय उड़ान योजना के तहत हमीरगढ़ एयरस्ट्रिप से हवाई सेवाएं शुरू करने की पैरवी करते हुए कहा कि यदि यहां से नियमित उड़ानें शुरू होती हैं, तो भीलवाड़ा ही नहीं बल्कि आसपास के इलाकों को भी औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन गतिविधियों में जबरदस्त गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सस्ती और सुलभ हवाई सेवा आमजन के लिए वरदान साबित होगी।

सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी के अनुसार, अग्रवाल ने सदन में यह भी बताया कि यह मांग कोई नई नहीं है। चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादे के अनुरूप उन्होंने संसद में निर्वाचित होते ही इस मुद्दे को सरकार के सामने रखा था। सरकार का रुख भी इस दिशा में सकारात्मक बताया जा रहा है, लेकिन अब तक किसी एयरलाइंस कंपनी द्वारा हमीरगढ़ से उड़ान संचालन में रुचि नहीं दिखाने के कारण यह योजना अटकी हुई है।

हालांकि, सांसद अग्रवाल ने भरोसा दिलाया है कि वे लगातार इस दिशा में प्रयासरत हैं और केंद्र सरकार के माध्यम से एयरलाइंस कंपनियों से संवाद कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द भीलवाड़ा को हवाई सेवाओं से जोड़ा जा सके। स्थानीय लोगों और व्यापारिक संगठनों में इस खबर को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। उनका मानना है कि यदि हमीरगढ़ से दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो जाती हैं, तो भीलवाड़ा की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी। साथ ही निवेश के नए अवसर भी खुलेंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

Share this story