भव्य मुद्रा महोत्सव में कॉइन और नोट कलेक्शन के शौकीनाें ने खरीदे पुराने व नए नाेट

WhatsApp Channel Join Now
भव्य मुद्रा महोत्सव में कॉइन और नोट कलेक्शन के शौकीनाें ने खरीदे पुराने व नए नाेट


बीकानेर, 15 नवंबर (हि.स.)। बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी की ओर से तीन दिवसीय भव्य मुद्रा महोत्सव का आयोजन यहां अग्रवाल भवन में किया जा रहा है। महोत्सव में मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, लुधियाना, कानपुर, नोएडा और नासिक सहित देश के विभिन्न शहरों के साथ विदेशों से भी लगभग 100 मुद्रा संग्रहकर्ताओं एवं विशेषज्ञों की भागीदारी रही है।

साेसायटी के अध्यक्ष किशनलाल साेनी ने बताया कि यहां मुद्रा संग्रहकर्ताओं और विशेषज्ञाें ने साल 1982 का 1 रुपए का नोट 30 हजार रुपए में बिकवाया। ब्रिटेन की महारानी विक्टोरिया की तस्वीर वाले साल 1939 के सिक्के की 2 लाख रुपए कीमत मिली। 100 रुपए के नोट की कीमत 100 गुना यानी 10 हजार रुपए तक हो गई। आजाद भारत में चलन में आया सोने का सिक्के की कीमत 30 हजार रुपए। इसके अलावा चलन से बाहर 5 पैसे, 10 पैसे और चवन्नी (25 पैसे), अठन्नी (50 पैसे) के सिक्के ढाई सौ रुपए किलो में खरीदे गए। ये सब हुआ 3 दिवसीय बीकाणा मुद्रा महोत्सव में।

महाेत्सव में में न सिर्फ पुराने बल्कि नए नोट भी बेचे गए। 1 रुपए के नए नोट की 10 गड्डियां 16 हजार रुपए में बिकीं। इसी तरह 2 रुपए की गड्डी, 10-20 रुपए की गड्डी की भी अच्छी कीमत मिली।

मुद्रा महोत्सव से जुड़े सुधीर लुणावत ने बताया- देशभर में पुराने नोट और सिक्कों के नाम पर ठगी होती है। ऐसे में बीकानेर में गंगाशहर रोड स्थित अग्रसेन भवन में सभी लोगों को एक मंच पर लाया गया है। यहां पर लोग सिक्के और नोट लेकर आते हैं। उन्हें कॉइन और नोट कलेक्शन के शौकीन खरीदते हैं। कीमत उस नोट और सिक्के की विशेषता पर निर्भर करती है। यहां जो भी है, वो आमने-सामने है। किसी तरह की ठगी नहीं है।

सुधीर ने बताया- देशभर से करीब 60 शहरों से सिक्कों और नोटों के कलेक्शन के शौकीन व एक्सपर्ट इस महोत्सव में पहुंचे। उन्होंने अपने संग्रह के सिक्कों और नोटों को डिस्प्ले किया। अगर किसी को कोई नोट या सिक्का पसंद आ गया तो उसे बेच भी दिया। कीमत वे खुद तय करते हैं। जहां चलन के सिक्के किलो के भाव खरीदे और बेचे गए हैं। वहीं पुराने और प्रचलन से हट चुके सिक्के भी हजारों रुपए में बिके हैं। खास बात ये है कि यहां पर राजस्थान के राजाओं के सिक्के मिले। पंजाब के राजाओं की ओर से चलाए गए नोट, सिक्कों के साथ मेडल तक बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

महोत्सव में बीकानेर के महाराजा रहे गंगा सिंह का चांदी का सिक्का भी खरीदा और बेचा गया। 1 रुपए कीमत का ये सिक्का 11.66 ग्राम चांदी का है। सिक्के के भार की 991.6 परसेंट चांदी है। इस पर महाराजा गंगा सिंह का पोट्रेट छपा है। इस पर लिखा है- ‘महाराजाधिराज गंगा सिंह’। आमतौर पर राजपरिवार से ये सिक्का नजराने के रूप में दिया जाता था। यहां ये सिक्का 10 से 12 हजार रुपए में बिका है। इसके बाद उसकी कंडीशन के आधार पर भी रेट तय की जाती है। इस महोत्सव में रिपब्लिक इंडिया का एक सिक्का 30 हजार रुपए में बिका है। यह सिक्का भी चांदी का था। इसके वजन के आधार पर रेट तय की गई। वहीं ब्रिटिश इंडिया का सोने का सिक्का 2 लाख रुपए में बेचा गया।अलवर से आए मलकीत सिंह के पास पंजाब के राजाओं के सिक्के और मेडल हैं। वे बताते हैं कि मेरे पास 700 से 800 ईस्वी के समय के सिक्के भी हैं। मुगल बादशाह रहे शाह आलम द्वितीय (1759-1806) के समय का एक रुपए का सिक्का ढाई से तीन हजार रुपए के बीच में बिका है। सिक्के में चांदी के वजन के हिसाब से तो 1700 रुपए कीमत आज के भाव से बनती है, लेकिन बाजार में अभी करीब हजार रुपए ज्यादा मिलते हैं।

बीकानेर के फड़ बाजार में रहने वाले विनोद देवड़ा ने नब्बे के दशक के सिक्के खरीदे। वे बताते हैं कि उनके पास पहले से सिक्के हैं। आज इनकी कीमत कम है, लेकिन आगे जाकर इनकी रेट बढ़ जाएगी। पिछले साल हुए मुद्रा महोत्सव में भी उन्होंने ऐसे सिक्के खरीदे थे। यहां पुराने, लेकिन अत्यधिक मात्रा में उपलब्ध सिक्के ढाई सौ रुपए किलो में खरीदे गए और तीन सौ रुपए किलो में बेचे गए।

बीकानेर के खारा इंडस्ट्रियल एरिया के अध्यक्ष ईश्वरचंद बोथरा ने बताया- मेरे पास सौ-सौ रुपए के पुराने नोट हैं, जिनके आकार बड़े थे। ये आजादी के समय के नोट हैं। 100 रुपए के एक नोट की कीमत 10 हजार रुपए हो गई है। यहां आए लोगों को जब पता चला कि मेरे पास ऐसे नोट हैं तो वे खरीदने के लिए आए। मैं अभी इन्हें बेच नहीं रहा। ऐसे नोटों की पूरी गड्डी मेरे कलेक्शन में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story