प्रतिभावान और जरूरतमंद युवाओं को करियर चयन में सहायता उपलब्ध कराएंगे : केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम

WhatsApp Channel Join Now
प्रतिभावान और जरूरतमंद युवाओं को करियर चयन में सहायता उपलब्ध कराएंगे : केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम


प्रतिभावान और जरूरतमंद युवाओं को करियर चयन में सहायता उपलब्ध कराएंगे : केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम


बीकानेर, 26 जून (हि.स.)। जिले के 50 प्रतिभावान और जरूरतमंद युवाओं को करियर चयन में सहायता, संसाधन, मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से 'सुपर-50' कार्यक्रम चलाया जाएगा। इनका चयन एक कमेटी द्वारा किया जाएगा। दसवीं और बारहवीं परीक्षा पास विद्यार्थी, इस योजना के तहत चयनित होंगे जो नीट, यूपीएससी सहित अन्य स्तरीय परीक्षाओं की तैयारी करेंगे।

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शुक्रवार को भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की।

केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि बीकानेर के प्रतिभावान बच्चे अवसर और संसाधनों की कमी के कारण बेहतर करियर से वंचित न रहें, इसके मद्देनजर भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा यह पहल की जा रही है। उन्होंने करियर काउंसलिंग कार्यक्रम किए मुख्य संयोजक श्री रवि शेखर मेघवाल को युवाओं के चयन के लिए कमेटी बनाने तथा चयन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि करियर की बेहतर राह पर ले जाने के लिए प्रत्येक बच्चे पर 3 लाख रुपए तथा कुल डेढ़ करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रतिभावान बच्चों की संख्या अधिक होने पर इसका दायरा बढ़ाया भी जा सकेगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दिवाली के आसपास वृहद करियर और रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में 2000 से अधिक युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर कंपनियों में रोजगार के अवसर मुहैया करवाए जाएंगे। श्री मेघवाल ने भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा लगातार दूसरे वर्ष आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि युवाओं को बेहतर करियर तक पहुंचने में ट्रस्ट सेतु का कार्य कर रहा है।

मेघवाल ने कहा कि आज के दौर में करियर के अनेक विकल्प हैं। युवा, सरकारी नौकरियों के अलावा भी बेहतर भविष्य की राह बढ़ सकते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सर्वश्रेष्ठ विकल्प की ओर बढ़ाने का मार्गदर्शन प्राप्त होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने करियर के लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प चुनने तथा चुने हुए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए गंभीरता से छूटने का आह्वान किया। उन्होंने विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने की सीख दी।

खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, कार्यक्रम के मुख्य संयोजक रवि शेखर मेघवाल, श्री ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम के अधिष्ठाता दाताश्री रामेश्वरानंद महाराज, मदन स्वामी, नेशनल करियर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली, नमिता सोनी और हिमांशु वर्मा ने अपनी बात कही।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री मेघवाल सहित सभी अतिथियों में मां सरस्वती, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा सुश्री भावना मेघवाल के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान अनेक बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन श्री ओमाराम ढाल ने किया।

कार्यक्रम में श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, विजय आचार्य, उपनिदेशक (स्थानीय निकाय) सुशीला वर्मा, संतोषानंद महाराज, दीपक पारीक, दिलीप सिंह आडसर, पप्पू राम पवार आदि मंच पर मौजूद रहे।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर सभी नशे को छोड़ने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story