भावी ग्राम पंचायत में पुनर्मतदान 15 नवंबर , प्रशिक्षण के बाद मतदान दल रवाना
सात मतदान केंद्रों पर होगा पुनर्मतदान, उपसरपंच का चुनाव 16 को
जोधपुर, 14 नवम्बर (हि.स.)। राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार पंचायत समिति बिलाड़ा की ग्राम पंचायत भावी के समस्त मतदान केंद्रों पर पंच एवं सरपंच पद के लिए 15 नवंबर तथा उप सरपंच पद के लिए 16 नवंबर को पुनर्मतदान संपन्न करवाया जाएगा। मतदान केंद्र संख्या 9, 10, 11, 12, 13, 14 एवं 15 पर पंच एवं सरपंच पद के लिए 15 नवम्बर को सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक पुनर्मतदान करवाया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना में शनिवार को मिनी ऑडिटोरियम सूचना केंद्र में संबंधित अधिकारियों एवं मतदान दलों का प्रशिक्षण आयोजित कर उन्हें मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एरिया मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, रिटर्निंग अधिकारी (ग्राम पंचायत) एवं मतदान दलों के समस्त संबंधित कार्मिक शनिवार को प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित हुए। प्रशिक्षण सत्र में उप जिला निर्वाचन अधिकारी जवाहर चौधरी ने अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने का आह्वान किया।
उन्होंने सभी कार्मिकों को पूर्ण सजगता, जिम्मेदारी एवं आपसी समन्वय के साथ अपने निर्वाचन दायित्वों का निर्वहन करने तथा मतदान से संबंधित सभी प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण उपरांत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जिला रसद अधिकारी अंजुम ताहिर सम्मा, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कंचन राठौड़ सहित संबंधित एरिया मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, रिटर्निंग अधिकारी एवं मतदान दलों के कार्मिक उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत भावी में 15 नवंबर को होने वाले पुनर्मतदान के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। दरअसल भावी ग्राम पंचायत में 30 अक्टूबर को सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान के दौरान विवाद हो गया था। मतदान केंद्र संख्या 12 से 150 मतपत्र गायब होने की घटना सामने आई थी। बाद में इन मतपत्रों को वापस डालने का प्रयास किया गया। इन मतपत्रों पर सोहनी देवी के नाम के आगे मोहर लगी हुई थी। इसके बाद मतदान केंद्र संख्या 9 से 15 तक भीड़ एकत्रित होने और कानून-व्यवस्था बिगडऩे के कारण मतदान स्थगित करना पड़ा। जिला निर्वाचन अधिकारी की तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर निर्वाचन आयोग ने भावी ग्राम पंचायत के सभी मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय किया। यानी पुनर्मतदान केवल उस बूथ तक सीमित नहीं रहेगा, जहां से मतपत्र गायब हुए थे, बल्कि पूरी ग्राम पंचायत में सरपंच और पंच पदों के लिए दोबारा वोट डाले जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

