भावी ग्राम पंचायत में 15 नवंबर को होगा दोबारा चुनाव, ढोल बजाकर बतानी होगी नई तारीख

WhatsApp Channel Join Now
भावी ग्राम पंचायत में 15 नवंबर को होगा दोबारा चुनाव, ढोल बजाकर बतानी होगी नई तारीख


उपसरपंच का निर्वाचन 16 को, विवाद के बाद स्थगित करना पड़ा था मतदान

जोधपुर, 10 नवम्बर (हि.स.)। राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान द्वारा जोधपुर जिले की पंचायत समिति बिलाड़ा की ग्राम पंचायत भावी में पंच एवं सरपंच पद के लिए पुनर्मतदान की तिथि निर्धारित की गई है। आयोग के जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत भावी के समस्त मतदान केन्द्रों पर 15 नवंबर को पंच एवं सरपंच का पुनर्मतदान कराया जाएगा। इसके पश्चात 16 नवंबर को उपसरपंच का निर्वाचन संपन्न होगा। इसके बाद अगले दिन 16 नवंबर यानी सोमवार को उप सरपंच का चुनाव होगा। आयोग ने आदेशों में बताया कि री-वोटिंग को लेकर ग्रामीणों को ढोल बजाकर और सार्वजनिक जगह पर नोटिस लगाकर इसके बारे में बताना होगा।

उल्लेखनीय है कि गत 30 अक्टूबर को मतदान प्रक्रिया के दौरान ग्राम पंचायत भावी के मतदान केन्द्र संख्या 9 से 15 तक अत्यधिक भीड़ एकत्रित होने तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगडऩे के कारण मतदान प्रक्रिया बाधित होने पर इसे स्थगित करना पड़ा था। जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर), जोधपुर द्वारा प्रेषित तथ्यात्मक रिपोर्ट पर विचार करने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48ए के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ग्राम पंचायत के समस्त मतदान केन्द्रों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है।

आयोग के निर्देशानुसार 14 नवंबर को रिटर्निंग अधिकारी एवं मतदान दल मतदान केन्द्रों के लिए रवाना होंगे। पुनर्मतदान में पूर्व में संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए अधिकृत मतदाता ही मतदान के पात्र होंगे। मूल मतदान के दौरान लगाई गई अमिट स्याही के निशान की उपेक्षा करते हुए पुनर्मतदान के दौरान मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर नाखून के प्रारंभ से अंगुली के प्रथम भाग तक अमिट स्याही लगाई जाएगी। आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पुनर्मतदान कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अभ्यर्थियों को लिखित सूचना देने के साथ ही संबंधित क्षेत्र में ढोल बजवाकर तथा सार्वजनिक नोटिस बोर्ड पर सूचना चस्पा कर आमजन को पुनर्मतदान की तिथियों से अवगत कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story