भरतपुर में देर रात से झमाझम बारिश, अगले 24 घंटे के लिए भारी वर्षा का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
भरतपुर में देर रात से झमाझम बारिश, अगले 24 घंटे के लिए भारी वर्षा का अलर्ट


भरतपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। जिले में देर रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह तक जारी रहा। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। वहीं कई ग्रामीण क्षेत्रों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान जिले में रुक-रुक कर बारिश होने के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी हुई हैं।

सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद अपेक्षित बारिश नहीं होने से उमस बढ़ गई थी और लोग गर्मी से परेशान रहे। हालांकि देर रात मौसम ने करवट ली और सुबह करीब चार बजे तेज बारिश हुई। इसके बाद जिले के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा। बारिश से किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई है। जिन्हें सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता है। ऐसे में यह वर्षा कृषि के लिए लाभदायक मानी जा रही है।

दूसरी ओर सुबह हुई बारिश से दैनिक जीवन भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोग घरों में ही रहे, जबकि कई निचले इलाकों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। गीली सड़कों के कारण वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ी। मौसम विभाग ने लोगों से आगामी 24 घंटे के दौरान मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यकता होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / भरतपुर

Share this story