भरतपुर संभाग में 453 करोड़ के 65 कार्यों का लोकार्पण, 540 करोड़ के 184 कार्यों का शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
भरतपुर संभाग में 453 करोड़ के 65 कार्यों का लोकार्पण, 540 करोड़ के 184 कार्यों का शिलान्यास


जयपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार केवल घोषणाएं ही नहीं करती, बल्कि उन्हें समयबद्ध धरातल पर उतारने का कार्य करती है। इसी क्रम में भरतपुर संभाग को विकास की नई गति देते हुए करीब 453 करोड़ रुपये के 65 बड़े विकास कार्यों का लोकार्पण और 540 करोड़ रुपये के 184 नवीन विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधुनिक आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री सोमवार को भरतपुर जिले के बयाना के बिड्यारी में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह का संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भरतपुर को 382 करोड़ रुपये से अधिक के 130 कार्यों, डीग को 358 करोड़ रुपये से अधिक के 24 कार्यों, करौली को 136 करोड़ रुपये से अधिक के 43 कार्यों, सवाई माधोपुर को 74 करोड़ रुपये से अधिक के 46 कार्यों और धौलपुर को 42 करोड़ रुपये से अधिक के 6 विकास कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास की सौगात मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आत्मसात कर राज्य सरकार विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। हमारी सरकार पानी के क्षेत्र में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों को पूरा कर रही है। इसमें दशकों से लंबित यमुना जल समझौता, रामजल सेतु परियोजना, किशाऊ समझौते जैसे ऐतिहासिक कार्य भी है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में भी प्रदेश आत्मनिर्भर बन रहा है। राजस्थान पीएम कुसुम योजना में देशभर में अग्रणी राज्य है। वहीं, विद्युत उत्पादन क्षमता में साढ़े 10 हजार मेगावाट की वृद्धि की गई है। साथ ही, देश की सबसे उन्नत रिफाइनरी में उत्पादन भी चालू हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने की दिशा में बिना पेपरलीक के अब तक 410 परीक्षाओं का आयोजन किया गया है, जिससे 1 लाख 90 हजार पदों पर युवाओं को सरकारी नियुक्तियां मिली हैं। वहीं, 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है और सवा लाख पदों का भर्ती कलैंडर जारी किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि में 76 लाख किसानों को 14 हजार 395 करोड़ रुपये व 1 करोड़ से अधिक किसानों को करीब 67 हजार करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसली ऋण दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा, पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है। आपातकालीन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए भरतपुर में लगभग 160 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ट्रोमा सेन्टर और एमसीएच अस्पताल का शिलान्यास किया गया है तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के 108 करोड़ रुपये से अधिक के 20 नए कार्यों की नींव और 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया है। वहीं, सड़कों के आधारभूत विकास के लिए 207 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 125 कार्यों का शिलान्यास और 24 करोड़ रुपये से अधिक की सड़कों का लोकार्पण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली के क्षेत्र में 273 करोड़ रुपये के 14 बड़े कार्यों का लोकार्पण हुआ है तथा चुली व अनियाला में नए 33 केवी सब-स्टेशनों का भी निर्माण किया जाएगा। जल संसाधन के तहत 128 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और 44 करोड़ से अधिक के नए कार्यों का शिलान्यास हुआ है तथा नदबई में पेयजल विस्तार योजना जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के सशक्तीकरण के लिए भुसावर के निठार में कृषि उपज मण्डी विस्तार, चारदीवारी, किसान पथ और नई बायो परीक्षण प्रयोगशाला व नवीन पशु चिकित्सालयों और उपकेन्द्रों के भवनों की नींव रखी गई है। साथ ही, बाड़ी में साढ़े सात करोड़ रुपये की लागत केे राजकीय कन्या महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण व शिक्षा के लिए 27 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का शिलान्यास और नए प्राथमिक विद्यालयों के भवनों का निर्माण होगा।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने बयाना और ब्रज नगर में आधुनिक स्टेडियम के निर्माण और थानाडांग, सूपा एवं महलपुर चूरा में 33 केवी सब-स्टेशनों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने घाटौली से मैरथा-मिल्समा रोड यूपी बॉर्डर तक सड़क, सामरी मोड़ से सिंघानियां तक सड़क, नगला जलसिंह, नहरौली-सिकंदरा और नगला दीवान के रास्ते पर तीन पुलियाओं के निर्माण की घोषणा की।

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने वर्षों से लंबित रामजल सेतु परियोजना के सपने को साकार किया है। भरतपुर संभाग को भी इसका बड़ा लाभ मिलेगा। राज्य सरकार ने युवा, किसान, महिला एवं गरीब सहित सभी वर्गों के विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के संकल्प को पूरा कर विकसित राजस्थान की दिशा में आगे बढ़ रही है।

इस दौरान विधायक ऋतु बनावत, डॉ. शैलेष सिंह, हंसराज मीणा, दर्शन सिंह, भरतपुर नगर निगम मेयर अनुराधा सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story