भारतीय मजदूर संघ की बैठक में श्रमिकों ने भरी हुंकार
जयपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) जिला जयपुर की बैठक गुरुवार को जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 17 अगस्त को होने वाले राष्ट्रव्यापी आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति तय की गई।
बैठक में वरिष्ठ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एस.के. राठौर, क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री हरिओम शर्मा, प्रदेश मंत्री आनंद प्रकाश, वरिष्ठ पदाधिकारी कैलाश शर्मा, जिला मंत्री महेंद्र सैनी, मीडिया प्रभारी अक्षय कुमार मीना सहित विभिन्न औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्र के संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 अगस्त को जयपुर सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर श्रमिकों की लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी। इसके लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक श्रमिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि देश के करोड़ों श्रमिक, कर्मचारी, असंगठित क्षेत्र के कामगार और योजना कर्मी आज भी कई मूलभूत अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से वंचित हैं। आंदोलन के माध्यम से न्यूनतम मजदूरी 30 हजार रुपए प्रतिमाह, ईएसआईसी वेतन सीमा 42 हजार रुपए, ईपीएफ वेतन सीमा 30 हजार रुपए, न्यूनतम ईपीएस पेंशन 7,500 रुपए प्रतिमाह के साथ महंगाई भत्ता एवं चिकित्सा सुविधा, बोनस पात्रता सीमा 42 हजार रुपए, बोनस गणना सीमा 18 हजार रुपए, योजना कर्मियों के मानदेय में वृद्धि, समान कार्य के लिए समान वेतन, श्रमिक विरोधी प्रावधानों को समाप्त करने तथा ग्रेच्युटी की सीमा 40 लाख रुपए किए जाने सहित विभिन्न मांगें उठाई जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

