बीपीसीएल के ‘ड्राइवफ्रेश’ अभियान में चार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
बीपीसीएल के ‘ड्राइवफ्रेश’ अभियान में चार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण


जयपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘ड्राइवफ्रेश’ अभियान के तहत जयपुर जिले के चार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। बीपीसीएल जयपुर टेरिटरी (रिटेल) की ओर से किए गए निरीक्षण में टोंक रोड स्थित श्री देव पेट्रोलियम, अजमेर रोड स्थित दादू दवाल डीजल्स, दूदू स्थित श्री एरो पेट्रोलियम और 22 गोदाम स्थित बोपी जयपुर आउटलेट शामिल रहे।

कंपनी के अनुसार निरीक्षण के दौरान चारों पेट्रोल पंप निर्धारित मानकों पर खरे उतरे। यहां स्वच्छता और ग्राहक सुविधाओं से जुड़े नियमों का पालन पाया गया। अभियान के तहत विशेष रूप से शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, निगरानी और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

बीपीसीएल की ओर से तकनीक के उपयोग और कर्मचारियों की निगरानी के माध्यम से स्वच्छता मानकों को बनाए रखने की व्यवस्था की गई है। कंपनी का उद्देश्य पेट्रोल पंपों को केवल ईंधन भरवाने का स्थान नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक पड़ाव बनाना है।

यह पहल विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। साथ ही, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766639 Articles

Share this story