अब भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन दक्षिण भारत दर्शन यात्रा 21 अक्टूबर से

WhatsApp Channel Join Now
अब भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन दक्षिण भारत दर्शन यात्रा 21 अक्टूबर से


जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय रेलवे के उपक्रम इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने श्रद्धालुओं की मांग को ध्यान में रखते हुए दक्षिण भारत दर्शन यात्रा ट्रेन दिनांक 21 अक्टूबर से 01 नवम्बर 2026 तक चलाने का फैसला किया है I यह यात्रा 21 अक्टूबर 2026 को सीकर जंक्शन से रवाना होकर वाया जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौरगढ़ से सवारियां लेती हुई जाएगी । इस यात्रा की अवधि 12 दिन की है जिसमे रामेश्वरम में रामनाथ स्वामी मंदिर, मदुरै में मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी, तिरुपति बालाजी तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग जैसे धार्मिक स्थलों के दर्शन का मौका मिलेगा।

आईआरसीटीसी, जयपुर के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी ने बताया कि यह भारत गौरव टूरिस्ट ट्रैन कई प्रकार की सुविधाओं जैसे इकॉनमी वातानुकूलित एवं गैर वातानुकूलित कोच, आधुनिक किचन-कार, बायो -टॉयलेट्स इत्यादि से सुसज्जित होगी। यात्रियों की सुविधाओं एवं बजट के अनुसार यात्रा को तीन श्रेणियों इकॉनमी, स्टैण्डर्ड व कंफर्ट केटेगरी में विभाजित किया गया है।

इकॉनमी केटेगरी का मूल्य 24,100 रूपये रखा गया है जिसमे नॉन- एसी स्लीपर ट्रैन यात्रा, नॉन- एसी आवास तथा नॉन- एसी बसों की व्यवस्था रहेगी । स्टैण्डर्ड केटेगरी का मूल्य 37,810 रूपये रखा गया है जिसमे IIIrd एसी इकॉनमी ट्रैन यात्रा, नॉन- एसी आवास तथा नॉन- एसी बसों की व्यवस्था रहेगी । कंफर्ट केटेगरी का मूल्य 50,290 रूपये रखा गया है जिसके अंतर्गत IInd एसी ट्रैन यात्रा के साथ एसी आवास एवं एसी बसों की सुविधा मिलेगी।

यह यात्रा दिनांक 21.10.2026 को सीकर जंक्शन से रवाना होकर दिनांक 23.10.2026 रेणीगुंटा स्टेशन स्टेशन पहुंचेगी एवं रात्रि विश्राम रेणीगुंटा / तिरुपति में ही रहेगा । 24.10.2026 यात्रियों को तिरुपति बालाजी के दर्शन कराए जाएंगे। ट्रेन दिनांक 25.10.2026 रेणीगुंटा स्टेशन से रामेश्वरम के लिए रवाना होगी। दिनांक 26.10.26 को रामेश्वरम पहुँच जाएगी जहाँ यात्री रामनाथ स्वामी मंदिर के दर्शन एवं रात्रि विश्राम करेंगे ।

27.10.2026 को रामेश्वरम से मदुरै के लिए रवाना होगी तथा शाम को मदुरै में मीनाक्षी मंदिर के दर्शन करवाए जायेंगे तथा रात को ट्रैन कन्याकुमारी के लिए रवाना होगी । दिनांक 28.10.2026 को सुबह ट्रैन कन्याकुमारी पहुंचेगी जंहा दिन में कन्याकुमारी भ्रमण करवाया जायेगा एवं रात को ट्रैन मरकापुर स्टेशन के लिए रवाना होगी । दिनांक 30.10.2026 को ट्रैन मरकापुर स्टेशन पहुंचेगी । जहां यात्रियों को मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे एवं दर्शन के बाद रात्रि में ही ट्रैन वापसी की यात्रा प्रारम्भ करेगी । जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौरगढ़ होते हुए दिनांक 01.11.2026 को सीकर जंक्शन में यात्रा समाप्त होगी ।

इस यात्रा में सभी यात्रियों को कन्फर्म बर्थ के साथ-साथ, होटल-आवास, खान-पान सुविधा (ब्रेकफास्ट, लंच एवं डिनर), ट्रांसपोर्टेशन व मन्दिर दर्शन की सुविधा भी प्रदान करवाई जाएगी I इंस्युरेन्स के साथ सरकार/पीएसयू के कर्मचारी इस यात्रा पर वित्त मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर पात्रता के अनुसार एलटीसी सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं।

यात्री इस पैकेज की विस्तृत जानकारी व्हाट्सएप्प नंबर 8595930998, 8595924336 पर उपलब्ध है I इन पैकेज की बुकिंग सुविधा आई.आर.सी.टी.सी. की वेबसाइट www.irctctourism.com पर भी उपलब्ध है I इसके अलावा इस पैकेज की बुकिंग आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय, फर्स्ट फ्लोर, जीवन प्रकाश एल आई सी बिल्डिंग, आंबेडकर सर्किल, भवानी सिंह रोड, जयपुर, (राजस्थान) 302005 में आकर भी करवा सकते है I

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story