गृह मंत्री शाह के बयान के विरोध में भारत आदिवासी पार्टी का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
गृह मंत्री शाह के बयान के विरोध में भारत आदिवासी पार्टी का प्रदर्शन


प्रतापगढ़, 2 अप्रैल (हि.स.)। प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार को भारत आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर के गांधी चौराहे पर एकत्र होकर गृह मंत्री का पुतला दहन किया और बाद में राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि 30 मार्च को संसद में वामपंथी उग्रवाद पर हुई चर्चा के दौरान गृह मंत्री द्वारा बांसवाड़ा-डूंगरपुर क्षेत्र के सांसद राजकुमार रोत को लेकर की गई टिप्पणी का वे विरोध कर रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि यह टिप्पणी न केवल एक जनप्रतिनिधि की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि आदिवासी समाज की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने वाली है।

पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि सांसद राजकुमार रोत संसद में आदिवासी समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठा रहे थे। उन्होंने जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों के साथ-साथ संविधान में आदिवासी समुदाय को मिले विशेष प्रावधानों जैसे पांचवीं और छठी अनुसूची, पेसा कानून तथा फॉरेस्ट राइट एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग रखी थी। ऐसे में उन पर की गई टिप्पणी को पार्टी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष मुकेश ने कहा कि इस बयान से आदिवासी समाज में व्यापक आक्रोश है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों और समुदायों की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए।

कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन में मांग की कि गृह मंत्री अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दें। साथ ही संसद की कार्यवाही से उक्त टिप्पणी को हटाने और भविष्य में किसी भी समुदाय या जनप्रतिनिधि के प्रति ऐसी टिप्पणी न हो, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाने की भी मांग की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story