भाई दूज पर छलक पड़े रिश्तों के आंसू, किसी मां की आंखों से बह निकले आंसू, तो मामा से लिपटकर बिलख पड़ा भांजा

WhatsApp Channel Join Now
भाई दूज पर छलक पड़े रिश्तों के आंसू, किसी मां की आंखों से बह निकले आंसू, तो मामा से लिपटकर बिलख पड़ा भांजा


अजमेर, 11 नवम्बर(हि.सं.)। दीपावली की खुशियों के बीच बुधवार को भाई दूज के अवसर पर अजमेर की सेंट्रल जेल में रिश्तों का एक बेहद भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। जेल परिसर में त्योहार की रस्में निभाने के लिए पूजा की थालियां सजीं, बहनों ने भाइयों का तिलक किया और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा, लेकिन इन रस्मों के बीच अपनों से बिछड़ने का दर्द भी आंखों से छलकता रहा। किसी बहन की आंखें भाई को सामने देखकर नम हो गईं तो कोई मां सलाखों के पीछे अपने बेटे को देखकर खुद को संभाल नहीं पाई। एक बंदी से मिलने पहुंचे उसके भांजे की भी मामा को देखते ही आंखें भर आईं। वह मामा से लिपटकर बिलख पड़ा। इन भावुक पलों ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

सलाखों के पीछे बेटे को देख मां नहीं रोक सकी आंसू जेल में सबसे भावुक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब एक मां अपने बेटे से मिलने पहुंची। सलाखों के पीछे बेटे को देखते ही मां की आंखों से आंसू बहने लगे। बेटे को सामने देखकर वह खुद को संभाल नहीं सकी। वहीं, मामा से मिलने पहुंचे एक भांजे का दर्द भी छलक पड़ा। मामा को देखते ही वह उनसे लिपटकर रोने लगा। यह दृश्य रिश्तों की गहराई और अपनों से दूर रहने की पीड़ा बयां कर रहा था।

बेहतर नागरिक बनने का संकल्प दिलाता है भाई दूज : भाई दूज के अवसर पर जेल प्रशासन की ओर से विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई, ताकि बहनें अपने भाइयों से मिलकर त्योहार की परंपरा निभा सकें। जेल अधीक्षक आर. अनंतेश्वर ने कहा कि भाई दूज केवल परंपरा निभाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह भाइयों को उनके पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों का अहसास कराने का अवसर भी है। भाइयों को रक्षाबंधन पर लिए गए संकल्पों को याद रखते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए तथा समाज में बेहतर नागरिक बनकर रहना चाहिए। उन्हें नियमों का पालन करते हुए देश की उन्नति और विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन का प्रयास रहता है कि त्योहारों पर बंदियों को अपने परिजनों से मिलने का अवसर मिले, ताकि वे परिवार के स्नेह और रिश्तों की अहमियत को महसूस कर सकें। किसी के माथे पर बहन का तिलक था, किसी की कलाई पर रक्षा सूत्र और किसी की आंखों में घर लौटने का सपना। भाई दूज ने जेल की चारदीवारी के भीतर भी रिश्तों के प्रेम, ममता और उम्मीद का एहसास करा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story