भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव नौ जून से

WhatsApp Channel Join Now
भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव नौ जून से


जोधपुर, 02 जून (हि.स.)। पवित्र पुरुषोत्तम अधिक मास के अवसर पर नौ जून से 15 जून तक पांचवी रोड स्थित सरगरा समाज की बगेची में सात दिवसीय भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, यज्ञ तथा भागवत कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। कथा का वाचन एवं प्रवचन राष्ट्रीय कथाकार आचार्य देवजोशी द्वारा किया जाएगा।

महोत्सव के प्रथम दिवस नौ जून को देहशुद्धि, नांदी श्राद्ध, श्रीगणेश एवं पितृ स्थापना पूजन के साथ दोपहर में कलश यात्रा तथा भागवत पोथी यात्रा निकाली जाएगी। सायंकाल दीप प्रागट्य, कथा माहात्म्य एवं आरती का आयोजन होगा। दूसरे दिन महाभारत कथा, भगवान के विभिन्न अवतारों की कथा, कपिल जन्म, परीक्षित एवं कलियुग आगमन तथा शिव चरित्र का वर्णन किया जाएगा। तीसरे दिन विशेष पितृ तर्पण पूजन के साथ जड़भरत, ध्रुव, अजामिल एवं प्रह्लाद जैसे महान भक्तों के चरित्रों का श्रवण कराया जाएगा।

चौथे दिन लक्ष्मीनारायण एवं शिव पूजन के पश्चात समुद्र मंथन, वामन अवतार, गंगा अवतरण, श्रीराम जन्म तथा श्रीकृष्ण प्रागट्य (नंद महोत्सव) की कथाएं होंगी। पांचवें दिन विशेष पितृकार्य स्वरूप नीलोद्रार पूजन तथा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं एवं गोवर्धन चरित्र का वर्णन किया जाएगा।

छठे दिन समस्त पितरों के मोक्ष एवं उद्धार हेतु पिंडदान पूजन के साथ श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह कथा एवं प्रत्यक्ष विवाह महोत्सव का आयोजन होगा। अंतिम दिवस 15 जून को श्री महाविष्णुयाग यज्ञ, उत्तर पूजा एवं समापन संस्कार संपन्न होंगे। कथा में श्रीकृष्ण-सुदामा मिलन, वैकुण्ठ गमन, परीक्षित मोक्ष तथा कलियुग के विशेष वर्णन के साथ भागवत कथा का समापन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story