नृसिंह मंदिर के पाटोत्सव पर भागवत कथा महोत्सव शुरू

WhatsApp Channel Join Now
नृसिंह मंदिर के पाटोत्सव पर भागवत कथा महोत्सव शुरू


नृसिंह मंदिर के पाटोत्सव पर भागवत कथा महोत्सव शुरू


जयपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। भगवान श्री नृसिंह देव मंदिर पुरानी बस्ती, बगरू वालों का रास्ता में पाटोत्सव के अवसर पर श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को गोपीनाथ जी मंदिर से निकली विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ। इस मौके पर मांगलिक वस्त्र धारण कर बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर गीत गाते हुए शामिल हुई। कलश यात्रा का पूरे मार्ग में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस मौके पर नृसिंह देव भगवान, बंसी वाले और राधा गोविंद के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

कलश शोभायात्रा के कथा स्थल नृसिंह मंदिर पहुंचने पर संत-महंतों के सानिध्य में भगवान नृसिंह देव के साथ ही व्यासपीठ और शुकदेव जी की पूजा की गई और कलश स्थापित किए गए। इस अवसर पर व्यास पीठ से नृसिंह मंदिर के महंत, पीठाधीश्वर अवधेश दास महाराज ने उपस्थित भक्तों को श्री मद् भागवत जी का महात्म्य सुनाया। इस मौके पर भक्तों ने भी व्यास पीठ का पूजन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर के पीठाधीश्वर, महंत और भागवत कथा मर्मज्ञ अवधेश दास महाराज बंसी वाले ने बताया कि यह आयोजन भागवताचार्य रामदुलारे दासजी महाराज की प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर सात दिवसीय भागवत कथा महोत्सव में रोजाना भक्तों के समक्ष दोपहर 2:00 बजे से सायं 6:30 तक प्रवचन, भजन, आरती सहित अन्य आयोजन होंगे। भगवान नृसिंह देव सहित अन्य सभी देवों की रोजाना विशेष झांकियां सजाई जाएगी। कथा आयोजन के मनोरथी रामेश्वर प्रसाद खंडेलवाल लवाण वाले, एकता, राधा गोविंद एवं वैष्णव भक्तों की और से भागवत कथा महोत्सव में रोजाना सेवा कार्य के साथ ही भक्तों का मार्गदर्शन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story