बीएफएसआई प्रीमियर लीग-2026 का आगाज: 26 टीमें क्रिकेट मैदान में दिखाएंगी दम

WhatsApp Channel Join Now
बीएफएसआई प्रीमियर लीग-2026 का आगाज: 26 टीमें क्रिकेट मैदान में दिखाएंगी दम


जयपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। बैंकिंग एवं वित्तीय सेवा क्षेत्र के कर्मचारियों में स्वास्थ्य, नेटवर्किंग और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित पहली बीएफएसआई प्रीमियर लीग (बैंकिंग प्रीमियर लीग)-2026 का मंगलवार को ट्रॉफी अनावरण के साथ शुभारंभ हुआ। फिनोनेस्ट इंडिया और माय पॉलिसी एक्सप्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित लीग का उद्घाटन मुख्य अतिथि एक्सिस बैंक के हरिंदरपाल सिंह कोहली और सुंदरम फाइनेंस के ए.वी. नारायणन ने किया।

समारोह में फिनोनेस्ट इंडिया के सूर्य मोहन रॉय, सीए प्रतीक सोमानी, अतिशय जैन, सनमप्रीत सिंह तथा माय पॉलिसी एक्सप्रेस के राजीव गांधी और यश वालिया सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

मुख्य अतिथियों ने कहा कि बीएफएसआई प्रीमियर लीग केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि वित्तीय सेवा क्षेत्र में टीमवर्क, नेतृत्व और सहयोग की भावना को मजबूत करने का मंच है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन भविष्य में बीएफएसआई समुदाय का प्रमुख वार्षिक आयोजन बनेगा।

आयोजकों सूर्य मोहन रॉय और राजीव गांधी ने बताया कि 14 से 19 जुलाई तक मालवीय नगर स्थित ऋषिकुल विजय स्कूल में आयोजित होने वाली इस लीग में 26 टीमें भाग ले रही हैं। प्रत्येक टीम में 10 खिलाड़ी होंगे और मुकाबले 8-ओवर-ए-साइड प्रारूप में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रमुख बैंकों, बीमा कंपनियों, एनबीएफसी और फिनटेक संस्थानों के 250 से अधिक प्रोफेशनल्स हिस्सा लेकर खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story