भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को बेनीवाल की चेतावनी: बोले सामाजिक बहिष्कार वाले बयान का देंगे कानूनी जवाब
जयपुर, 30 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के उस बयान की कड़ी आलोचना की, जिसमें उनके सामाजिक बहिष्कार की बात कही गई थी। बेनीवाल ने कहा कि देश संविधान और कानून से चलता है तथा किसी व्यक्ति के सामाजिक बहिष्कार की बात करना लोकतांत्रिक और कानूनी मर्यादाओं के विपरीत है।
मीडिया से बातचीत में बेनीवाल ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले पेपर लीक माफियाओं पर सख्त कार्रवाई का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद बड़े आरोपियों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को भी उठाया।
सांसद ने कहा कि पिछले कार्यकाल में आरएलपी के तीन विधायक थे और वर्तमान में भले ही विधानसभा में पार्टी का प्रतिनिधित्व सीमित हो, लेकिन प्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में आरएलपी अपनी पहचान बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी लगातार जनहित के मुद्दों को उठाती रही है।
बेनीवाल ने कहा कि मदन राठौड़ के बयान को लेकर वे कानूनी सलाह ले रहे हैं और इस संबंध में आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने भैराणा धाम आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी पार्टी संत समाज और आंदोलनकारियों के साथ खड़ी रहेगी।
कुचामन में हुई घटना का जिक्र करते हुए बेनीवाल ने कहा कि आरएलपी कार्यकर्ता सड़क, पानी और बिजली जैसे स्थानीय मुद्दों पर जवाब मांगने गए थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की।
इस दौरान बेनीवाल ने राज्य सरकार की नीतियों, गौसंरक्षण, पेपर लीक मामलों तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार को जनहित के मुद्दों पर अधिक गंभीरता से काम करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

