मां दुर्गा की भक्ति में लीन हुआ बंगाली समुदाय : बांग्ला परिधान में सोलह शृंगार कर पहुंचीं महिलाएं
बीकानेर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। बीकानेर में भी बंगाल की धार्मिक संस्कृति और परंपराओं का अनूठा नजारा देखने को मिल रहा है। शारदीय नवरात्र के अवसर पर बंगाली मंदिर में मां दुर्गा की सप्तमी पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित की गई। मां दुर्गा की आराधना के लिए बंगाली समुदाय के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। मां के दर्शन करने के लिए दूर-दराज से भी श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पूजा-पाठ, शंख ध्वनि और मां दुर्गा के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
सप्तमी पूजा के अवसर पर मंदिर में महिलाओं ने आकर्षक रंगोली सजाई। इसके बाद विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। कोलकाता से आए पंडित काजोल चक्रवर्ती ने पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के अनुसार मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करवाई। पूजा के दौरान चावल, बताशे, विभिन्न प्रकार के पुष्प और कमल के फूल अर्पित कर मां की आराधना की गई। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के समक्ष शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सप्तमी पूजा के दौरान बंगाली समुदाय की महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाएं पारंपरिक बांग्ला परिधान पहनकर और सिर से पांव तक सोलह शृंगार कर मां दुर्गा की पूजा करने पहुंचीं। कुछ महिलाओं ने मां दुर्गा की छवि और प्रिंट वाले विशेष वस्त्र धारण किए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने शंख बजाकर मां की आराधना की। ढोलक की थाप और भक्ति गीतों के बीच मां दुर्गा की आरती की गई। इस दौरान महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना में भाग लिया।
सप्तमी पूजा के अवसर पर मंदिर में विशेष प्रसाद तैयार किया गया। श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी, पांच प्रकार की सब्जियों और बैंगन के पकौड़ों का प्रसाद बनाया गया। इसके साथ ही सेब, सिंघाड़े और अन्य मौसमी फलों का प्रसाद भी वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। बंगाली परंपरा के अनुसार आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में पूजा-अर्चना के साथ सामूहिक प्रसाद वितरण ने भी विशेष स्थान बनाया।
पूजा के दौरान कोलकाता के चोरबागान में हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

