(अपडेट) बहरोड़ में डंपर से टकराई पिकअप, दो युवकों की मौत; दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) बहरोड़ में डंपर से टकराई पिकअप, दो युवकों की मौत; दो घायल


कोटपूतली-बहरोड़, 05 अक्टूबर (हि.स.)। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में सोमवार सुबह दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पिकअप आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर घायल हो गए। सभी एक ही परिवार से जुड़े थे और शादी में शामिल होने के लिए कोटपूतली के मुगलपुर गांव जा रहे थे।

बहरोड़ थाने के सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार के अनुसार हादसा सुबह करीब छह बजे जेजे पैलेस के सामने फ्लाईओवर पर हुआ। पिकअप में उत्तर प्रदेश निवासी फरियाद अली (24), समसुद्दीन (40), तस्लीमन (45) और चालक मोहम्मद राशिद (40) सवार थे। ये लोग कोटपूतली क्षेत्र में अस्थायी रूप से रहकर खेती करते हैं। टक्कर में फरियाद अली और समसुद्दीन की मौके पर मौत हो गई, जबकि तस्लीमन और राशिद घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को कोटपूतली जिला अस्पताल पहुंचाया और दोनों वाहनों को हाईवे से हटवाया।

परिजन इकरार खान ने बताया कि फरियाद अली अपने साले दिलशाद खान की शादी में शामिल होने जा रहा था। दिलशाद की मंगलवार को शादी है और बारात चंडीगढ़ जानी है। मुगलपुर गांव में दिलशाद का परिवार खेती-बाड़ी करता है। शादी के लिए पिकअप में चावल और घरेलू सामान भी लाया जा रहा था, जो हादसे के बाद सड़क पर फैल गया।

परिजनों के अनुसार फरियाद अली का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर का रहने वाला है। करीब दो महीने पहले परिवार अपने गांव चला गया था। फरियाद की शादी 13 सितंबर को हुई थी और उसकी पत्नी अपने भाई की शादी के लिए पहले ही मुगलपुर आ गई थी। फरियाद रिश्तेदारों के साथ पिकअप से शादी में शामिल होने आ रहा था। अस्पताल की मोर्चरी में पहुंची फरियाद की सास ने कहा कि उसकी बेटी की शादी को अभी 22 दिन ही हुए थे और हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी। हादसे से परिवार में मातम छा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story