भाजपा की बी-टीम बनकर काम कर रहे सांसद राजकुमार रोत- कांग्रेस जिलाध्यक्ष घोघरा

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा की बी-टीम बनकर काम कर रहे सांसद राजकुमार रोत- कांग्रेस जिलाध्यक्ष घोघरा


डूंगरपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। आगामी नगर परिषद डूंगरपुर और नगर पालिका सागवाड़ा के चुनावों में विजय पताका फहराने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी ने अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। शनिवार को डूंगरपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जीत का खाका तैयार किया। बैठक के मुख्य अतिथि जिला प्रभारी हीरालाल दरांगी एवं जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और चुनावी रणनीति पर गहन मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एवं जिला प्रभारी हीरालाल दरांगी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ चुनाव मैदान में उतरें। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक शक्ति उसका बूथ स्तरीय कार्यकर्ता होता है।

दरांगी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर घर-घर संपर्क साधे। उन्होंने कांग्रेस सरकार की जनहितैषी नीतियों, सामाजिक न्याय और स्थानीय विकास के मुद्दों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने पर बल दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि कार्यकर्ता निष्ठा और समर्पण के साथ जिम्मेदारी संभालेंगे, तो डूंगरपुर और सागवाड़ा दोनों ही निकायों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित होगी।

जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव संगठन की ताकत और एकजुटता की परीक्षा हैं। उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और युवा कार्यकर्ताओं से समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने की अपील की।

घोघरा ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता बूथ स्तर तक संगठन को अभेद्य बनाना और प्रत्येक मतदाता तक सीधे पहुँचना है। कांग्रेस हमेशा से जन-सरोकारों की आवाज़ उठाती रही है और जनता के इसी अटूट विश्वास के बल पर हम दोनों निकायों में ऐतिहासिक विजय दर्ज करेंगे।

बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा ने विरोधी दलों पर जमकर प्रहार किया। घोघरा ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के नेता धर्म और जाति के नाम पर लोगों को गुमराह करने का काम करते हैं। साथ ही उन्होंने भारत आदिवासी पार्टी और सांसद राजकुमार रोत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सांसद राजकुमार और बीएपी अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को फायदा पहुँचा रहे हैं। घोघरा ने कहा कि सांसद राजकुमार रोत की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के साथ सामने आई तस्वीरें उनके भाजपा से निकट संबंधों की ओर स्पष्ट संकेत देती हैं। इसके साथ ही उन्होंने भारत आदिवासी पार्टी पर आरोप लगाया कि वह क्षेत्र के युवाओं को गुमराह कर उन्हें अपराध की दिशा में धकेलने का काम कर रही है।

बैठक में क्षेत्र के प्रमुख नेताओं ने अपनी उपस्थिति से कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story