सरकारी क्वार्टर के पास पानी के टैंक में नायब तहसीलदार का शव मिला
बालोतरा, 04 अगस्त (हि.स.)। बालोतरा जिले के दूदवा उप तहसील में नायब तहसीलदार मंगलाराम का शव मंगलवार सुबह उनके सरकारी क्वार्टर के पास बने पानी के टैंक में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंगलाराम गुड़ामालानी के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे सामने स्थित सरकारी क्वार्टर में रहने वाली एक एएनएम पानी भरने के लिए टैंक का ढक्कन खोलने पहुंची। टैंक के भीतर शव दिखाई देने पर उसने तत्काल सरपंच और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने एफएसएल तथा एमओबी टीम को भी जांच के लिए बुलाया। फिलहाल शव को टैंक से नहीं निकाला गया है और पुलिस परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है।
पचपदरा थानाधिकारी बाबूलाल ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान 54 वर्षीय मंगलाराम पुत्र रामाराम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में टैंक के बाहर उनकी चप्पलें मिली हैं, लेकिन वह टैंक में कैसे गिरे, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

