बालेसर के दो मतदान केन्द्रों पर पुनर्मतदान कल, मतदान दल रवाना

WhatsApp Channel Join Now
बालेसर के दो मतदान केन्द्रों पर पुनर्मतदान कल, मतदान दल रवाना


जोधपुर, 21 नवम्बर (हि.स.)। जिले की बालेसर पंचायत समिति में ईवीएम में तकनीकी खराब के कारण दो मतदान केंद्रों पर रविवार को दोबारा वोटिंग होगी। इसके बाद रात में ही 9 बजे से काउंटिंग शुरू की जाएगी। फिर से मतदान के लिए मतदान दल आज प्रशिक्षण के बाद सूचना केंद्र से रवाना हुए।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार पंचायत समिति बालेसर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 3 के बूथ संख्या 15 और निर्वाचन क्षेत्र संख्या 10 के बूथ संख्या 63 पर 20 नवम्बर को निर्धारित मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण संबंधित सदस्य पदों के परिणाम जारी नहीं हो सके। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर पाया गया कि तकनीकी खराबी के चलते रिजल्ट नहीं दिखा। साथ ही मतों की संख्या निकटकम प्रतिद्वंदी दावेदार के वोटों के अंतर से ज्यादा आई। आयोग के अनुसार दोनों मतदान केन्द्रों पर संबंधित सदस्य पदों के लिए हुए मतदान को शून्य घोषित कर 22 नवंबर को फिर से वोटिंग करवाने का निर्णय लिया है। तय शेडयूल के अनुसार वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। इसके मतदान दल आज जिला मुख्यालय से संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुए।

जिला परिषद सदस्यों के लिए मतगणना जिला मुख्यालय पर सम्पादित की जाएगी एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतगणना पंचायत समिति मुख्यालयों पर आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप करवाई जाएगी। आयोग के निर्देशानुसार पुनर्मतदान में केवल संबंधित मतदान केन्द्र पर मतदान के लिए अधिकृत मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मूल मतदान के दौरान मतदाताओं की अंगुली पर लगाए गए अमिट स्याही के निशान को पुनर्मतदान के लिए मान्य नहीं किया जाएगा। पुनर्मतदान के दौरान मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अमिट स्याही का निशान लगाया जाएगा।

आवश्यकता होने पर ईवीएम में उपयोग के लिए मतपत्र एवं निविदत्त मतपत्र नए सिरे से मुद्रित करवाए जा सकेंगे। इनके मुद्रण में मूल मतदान के दौरान मुद्रित मतपत्रों के अगले क्रमांक का उपयोग किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48ए के उपनियम (3) के तहत मूल मतदान के लिए लागू प्रावधान पुनर्मतदान में भी यथावत लागू रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story