बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक समस्या : यादव

WhatsApp Channel Join Now
बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक समस्या : यादव


धौलपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। धौलपुर जिले में बाल विवाह की रोकथाम तथा जन जागरुकता के लिए गुरूवार को बाल विवाह प्रतिषेध रैली निकाली गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं बाल अधिकारिता विभाग एवं एशोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन धौलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली को सचिव रेखा यादव ने कलेक्ट्रेट से रवाना किया।

इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एडीजे रेखा यादव ने रैली में उपस्थित बच्चों एवं महिलाओं को बताया कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जो बच्चों के भविष्य, स्वास्थ्य और शिक्षा पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। बाल विवाह को रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सचिव ने जानकारी दी कि कानून के अनुसार बाल विवाह कराना दंडनीय अपराध है। लड़कियों के लिए विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़कों के लिए 21 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके उल्लंघन पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। सचिव रेखा यादव ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन, नजदीकी पुलिस थाने एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धौलपुर को सूचित करें। साथ ही, बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक कर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करें। इस अवसर पर संरक्षण अधिकारी जिला बाल संरक्षण इकाई धौलपुर पवन तोमर, एसोसिएशनर फॉर वॉलिटियर्श के सदस्यगण, आगनवाडी कार्यकर्ता तथा स्कॉउट प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story