खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर देशभर से पहुंचेंगे लाखों श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर देशभर से पहुंचेंगे लाखों श्रद्धालु


जयपुर/सीकर, 19 नवंबर (हि.स.)। धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में बीस नवंबर को देवउठनी एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। खाटूधाम आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए तीन स्थानों पर निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को लेकर उपखंड अधिकारी रींगस बृजेश कुमार गुप्ता ने आदेश जारी किए हैं। इसके तहत 19 नवंबर को दोपहर 2 बजे से 21 नवंबर को सुबह 10 बजे तक रींगस-लाखनी-लांपुवा-चौमूं पुरोहितान-खाटूश्यामजी सड़क मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इस अवधि में इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, खाटूश्यामजी जाने वाले वाहनों के लिए रींगस-बावड़ी-ठिकरिया-शाहपुरा मोड़-52 बीघा पार्किंग (राष्ट्रीय राजमार्ग-52) मार्ग खुला रहेगा।

पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने बताया कि 19 नवंबर की रात से 21 नवंबर की सुबह तक रींगस-खाटू मार्ग पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए 52 बीघा, सांवलपुरा और सीतारामपुरा जोहड़ी में निःशुल्क पार्किंग बनाई गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 से शाहपुरा होकर आने वाले वाहनों को 52 बीघा पार्किंग में खड़ा करवाया जाएगा, जबकि पलसाना की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सांवलपुरा पार्किंग निर्धारित की गई है। वाहनों की निकासी मंढा और अलोदा की तरफ से होगी। भीड़ बढ़ने पर चारण खेत मार्ग का भी उपयोग किया जाएगा। पार्किंग स्थलों और प्रमुख रास्तों पर संकेतक बोर्ड तथा गुब्बारे लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को भव्य और आकर्षक रूप देने का काम भी तेजी से चल रहा है। श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह और व्यवस्थापक संतोष शर्मा ने बताया कि मथुरा-वृंदावन से आए कारीगर मंदिर परिसर को सजा रहे हैं। यहां राधा-कृष्ण, श्रीकृष्ण और श्रीराम सहित अनेक देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां तैयार की जा रही हैं। देश-विदेश से मंगवाए गए विभिन्न प्रकार के कृत्रिम फूलों से मंदिर का विशेष शृंगार किया जा रहा है। वृंदावन और मथुरा की तर्ज पर तैयार की जा रही कलाकृतियां और फूलों की सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सजावट के ठेकेदार सत्यप्रकाश ने बताया कि मंदिर को भव्य स्वरूप देने के लिए कारीगर दिन-रात काम कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक संजीव नैन के अनुसार जन्मोत्सव मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस का भारी जाप्ता तैनात रहेगा। सात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 12 पुलिस उपाधीक्षक और 25 पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में पुलिसकर्मी व्यवस्थाएं संभालेंगे। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन करवाने के लिए चारण मैदान, लखदातार मैदान और मेला ग्राउंड में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। जिला प्रशासन और मंदिर कमेटी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

गौरतलब है कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी और द्वादशी पर आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु खाटूधाम पहुंचते हैं। श्रद्धालु इसे बाबा श्याम के जन्मोत्सव के रूप में मनाते हैं। इस अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से भी विशेष आयोजन किए जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story