बीस नवंबर को खाटूश्यामजी में बाबा श्याम का जन्मोत्सव, 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

WhatsApp Channel Join Now
बीस नवंबर को खाटूश्यामजी में बाबा श्याम का जन्मोत्सव, 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान


बीस नवंबर को खाटूश्यामजी में बाबा श्याम का जन्मोत्सव, 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान


सीकर, 18 नवंबर (हि.स.)। खाटूश्यामजी में बाबा श्याम का जन्मोत्सव 20 नवंबर को कार्तिक शुक्ल एकादशी-द्वादशी मेले के रूप में आयोजित होगा। मेले में करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

मेले के दौरान पूरे खाटू कस्बे पर 240 सीसीटीवी कैमरों और दो ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस की ओर से तीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 20 उपाधीक्षक, 30 निरीक्षक, 80 उपनिरीक्षक, 120 सहायक उपनिरीक्षक एवं हेड कांस्टेबल तथा 800 कांस्टेबलों का जाप्ता मांगा गया है। इसके अलावा 70 यातायात पुलिसकर्मी, 800 होमगार्ड और 1000 सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की गई है। यातायात व्यवस्था के लिए 10 क्रेन, चार दमकल वाहन और पांच चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।

जन्मोत्सव पर खाटूश्यामजी मंदिर परिसर को वृंदावन की तर्ज पर सजाया जाएगा।

मंदिर में जगह-जगह भगवान राधा-कृष्ण की लीलाओं का चित्रण किया जाएगा। भगवान कृष्ण के विभिन्न अवतारों के कटआउट लगाए गए हैं। मंदिर परिसर को मोर पंख और बेंगलुरु से आने वाले फूलों से सजाया जाएगा। जन्मोत्सव के दिन गर्भगृह में कोलकाता के फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके लिए कोलकाता से विशेष कारीगर भी आएंगे।

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने अब तक 12 विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये ट्रेनें दिल्ली, रेवाड़ी, हिसार, भिवानी और जयपुर से रींगस की ओर आएंगी। रींगस रेलवे स्टेशन पर 60 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। आरपीएफ और जीआरपी के 150 जवान तैनात रहेंगे। स्टेशन पर आठ अतिरिक्त टिकट बुकिंग काउंटर खोले जाएंगे। करीब दो हजार लोगों की क्षमता वाला मेला आश्रय स्थल बनाया गया है।

स्टेशन पर एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी।

बीस नवंबर को खाटूश्यामजी कस्बे में नो व्हीकल जोन रहेगा। वाहनों को सांवलपुरा पार्किंग और 52 बीघा पार्किंग तक ही आने दिया जाएगा। इसके आगे श्रद्धालुओं को पैदल जाना होगा। यदि श्रद्धालुओं की संख्या 5 लाख से अधिक होती है तो भीड़ नियंत्रण के लिए चारण खेत, लखदातार ग्राउंड और 75 फीट ग्राउंड की ओर से 10 किलोमीटर से अधिक का पैदल मार्ग तय करवाया जा सकता है।

जन्मोत्सव के दौरान मंदिर में वीआईपी दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे। केवल निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत दर्शन की अनुमति होगी। वहीं तोरण द्वार सहित खुले स्थानों पर आतिशबाजी पर पूरी तरह रोक रहेगी।

प्रशासन की ओर से एक निर्धारित स्थान पर आतिशबाजी की अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है। प्रतिबंधित स्थानों पर आतिशबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जन्मोत्सव को लेकर मंदिर कमेटी और प्रशासन की तैयारियां जारी हैं। सुरक्षा, यातायात, रेलवे और दर्शन व्यवस्था के लिए अलग-अलग स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि मेले के दौरान संभावित भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778973 Articles

Share this story