समानता, न्याय और अधिकारों के लिए बाबा साहेब के विचार राष्ट्रनिर्माण की आधारशिला : भागीरथ चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
समानता, न्याय और अधिकारों के लिए बाबा साहेब के विचार राष्ट्रनिर्माण की आधारशिला : भागीरथ चौधरी


अजमेर, 14 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि ‘भारत रत्न’ डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार समानता, न्याय और अधिकारों पर आधारित हैं, जो आज भी राष्ट्रनिर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने बाबा साहेब की 135वीं जयंती के अवसर पर अजमेर और किशनगढ़ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए यह बात कही।

अजमेर के रामगंज स्थित अंबेडकर भवन में ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे कर्मचारी एसोसिएशन द्वारा आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बाबा साहेब के जीवन और सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

बाबा साहेब के विचार आज भी हमें समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों पर चलकर ही एक समरस और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा, उपमुख्य बिजली इंजीनियर अशोक कुमार मीणा, संगठन के अध्यक्ष सीताराम मीणा, सचिव विनोद चौहान सहित रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

किशनगढ़ में भीम सेना एवं अंबेडकर विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा एवं वाहन रैली में भी भागीरथ चौधरी शामिल हुए। अग्रसेन सर्किल से अंबेडकर सर्किल तक निकली इस रैली में विभिन्न वर्गों की भागीदारी देखने को मिली। बाबा साहेब के विचार राष्ट्र निर्माण की दिशा में आज भी प्रासंगिक हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।

अजमेर में भाजपा जिला देहात द्वारा समरसता दिवस के रूप में आयोजित संगोष्ठी में भी केंद्रीय मंत्री ने सहभागिता की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। डॉ. अंबेडकर के विचार और आदर्श आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं। हमें उन्हें आत्मसात कर एक समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

संगोष्ठी में ओंकार सिंह लखावत, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना, देव नारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओम प्रकाश भड़ाना, भाजपा जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story