उज्जैन की तर्ज पर जयपुर में नगर भ्रमण पर निकलेंगे बाबा महाकाल

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन की तर्ज पर जयपुर में नगर भ्रमण पर निकलेंगे बाबा महाकाल


जयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। गुलाबी नगरी में सावन के आखिरी सोमवार, 24 अगस्त को एक ऐतिहासिक और भव्य नजारा देखने को मिलेगा। उज्जैन की तर्ज पर जयपुर में पहली बार भगवान महाकाल की शाही सवारी निकाली जाएगी। इस दिव्य और अलौकिक यात्रा को लेकर शहर के शिवभक्तों में भारी उत्साह और उल्लास देखा जा रहा है।

यह शाही सवारी चौड़ा रास्ता स्थित प्रसिद्ध गौरीशंकर महादेव मंदिर ठठेरों का रास्ता से प्रस्थान करेगी। यात्रा के दौरान बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकलकर अपनी प्रजा का हाल जानेंगे। सवारी में सजे-धजे हाथी, घोड़े, ऊंट और पारंपरिक लोक कलाकार शामिल होंगे। डमरू वादक और महाकाल के भक्त भजन-कीर्तन करते हुए बाबा के गुणगान के साथ आगे बढ़ेंगे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा और महाआरती से बाबा का स्वागत किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य जयपुर में उज्जैन की शिव आराधना की संस्कृति और भव्यता को जीवंत करना है। सवारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजकों व प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story