गुलाबी नगरी में आयुष्मान-सारा की धूम: राजस्थानी रंग में रंग कर किया ‘उड़ता तीर’ का प्रमोशन

WhatsApp Channel Join Now
गुलाबी नगरी में आयुष्मान-सारा की धूम: राजस्थानी रंग में रंग कर किया ‘उड़ता तीर’ का प्रमोशन


गुलाबी नगरी में आयुष्मान-सारा की धूम: राजस्थानी रंग में रंग कर किया ‘उड़ता तीर’ का प्रमोशन


गुलाबी नगरी में आयुष्मान-सारा की धूम: राजस्थानी रंग में रंग कर किया ‘उड़ता तीर’ का प्रमोशन


जयपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। अपनी आगामी फिल्म ‘उड़ता तीर’ के प्रचार के लिए जयपुर पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री सारा अली खान मंगलवार को चोखी ढाणी पहुंचे। यहां दोनों कलाकार राजस्थानी लोक संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए। कालबेलिया नृत्य की धुन पर थिरके, कठपुतली शो का आनंद लिया और पारंपरिक खेलों में हाथ आजमाया। इस दौरान तेज धूप ने कलाकारों को खूब परेशान किया। फोटो और वीडियो शूट के बीच बार-बार मेकअप ठीक करवाना पड़ा तो आयुष्मान ने मजाकिया अंदाज में कहा, इस गर्मी में कहीं उड़ता तीर तो हमने नहीं ले लिया।

आयुष्मान ने अक्टूबर में मौसम सुहावना होने की उम्मीद जताते हुए मीडिया से भी पूछा कि इस बार गर्मी जाने का नाम क्यों नहीं ले रही है। उनके इस अंदाज ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को हंसा दिया।

चोखी ढाणी में दोनों कलाकारों के स्वागत के लिए राजस्थानी लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति के दौरान आयुष्मान और सारा ने कलाकारों के साथ कदम मिलाए। कठपुतली शो में फिल्म की कहानी से जुड़ी याददाश्त खोने वाले पाकिस्तानी एजेंट की उलझन को रोचक अंदाज में पेश किया गया। कठपुतली कलाकार ने फिल्म का शीर्षक गीत भी सुनाया। इस दौरान आयुष्मान, सारा को साथ लेकर नाचते नजर आए।

दोनों ने पारंपरिक खेलों में भी हिस्सा लिया। तीरंदाजी में सारा अली खान ने निशाना साधा, जबकि आयुष्मान के तीर कई बार लक्ष्य से चूक गए। इसके बाद दोनों ने बंदूक से निशाना लगाकर गुब्बारे फोड़ने का खेल भी खेला।

मीडिया से बातचीत में सारा अली खान ने कहा कि उन्हें जयपुर की दाल-बाटी-चूरमा बेहद पसंद है। वहीं आयुष्मान ने जयपुर से जुड़ी बचपन की यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि वह बचपन में परिवार के साथ चोखी ढाणी आए थे और अब दोबारा यहां आने का मौका मिला है। आयुष्मान ने कहा कि जयपुर की हर चीज प्यारी है और यहां आना हमेशा खास होता है।

फिल्म के बारे में आयुष्मान ने कहा कि यह अलग तरह की फिल्म है, जो दर्शकों का मनोरंजन करेगी। इसमें हास्य के साथ जासूसी और गलत पहचान से पैदा होने वाली उलझनों का दिलचस्प मेल देखने को मिलेगा।

आकाश ए. कौशिक के लेखन और निर्देशन में बनी ‘उड़ता तीर’ जासूसी और हास्य पर आधारित फिल्म है। इसमें आयुष्मान खुराना बिलाल नाम के पाकिस्तानी खुफिया एजेंट की भूमिका निभा रहे हैं। एक मिशन के दौरान विस्फोट के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है और वह खुद को भारत की आतंकवाद निरोधक टीम का अधिकारी समझने लगता है। इसके बाद गलत पहचान और जासूसी मिशन के बीच हास्यपूर्ण और अप्रत्याशित घटनाएं सामने आती हैं। फिल्म में सारा अली खान भी अहम भूमिका में हैं।

धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने किया है।

फिल्म ‘उड़ता तीर’ की रिलीज तारीख में दो बार बदलाव किया गया है। पहले इसे 11 सितंबर को रिलीज किया जाना था, बाद में तारीख बढ़ाकर 9 अक्टूबर की गई। इसके बाद निर्माताओं ने रिलीज आगे बढ़ाते हुए 23 अक्टूबर 2026 की तारीख घोषित की। अब फिल्म इसी दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760346 Articles

Share this story