टीबी उन्मूलन अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित
जयपुर, 12 जून (हि.स.)। सौ दिवसीय क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) पश्चिमी क्षेत्र जयपुर द्वारा शुक्रवार को आयुष्मान आरोग्य शिविर (सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर) का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन अम्बेडकर हॉल जीएसआई परिसर में किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन उप महानिदेशक एवं विभागाध्यक्ष एल. एम. एस. मौर्य के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीबी उन्मूलन की शपथ दिलाते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, टीबी के बारे में जानकारी देना तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल को प्रोत्साहित करना था। शिविर में एपेक्स हॉस्पिटल, जयपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ उठाया। जीएसआई अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजन कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी टीबी उन्मूलन, जनस्वास्थ्य जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले अभियानों में सक्रिय भागीदारी जारी रखेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

