आयुर्वेद विश्वविद्यालय और मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में एमओयू
जोधपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर एवं मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय उदयपुर के मध्य आयुर्वेद के क्षेत्र में शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षर किया गया। एमओयू पर डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल एवं मदन मोहन मालवीय आयुर्वेद महाविद्यालय उदयपुर के प्राचार्य मौजूद रहे। इस एमओयू का उद्देश्य आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान, चिकित्सकीय गतिविधियों एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है।
एमओयू के अंतर्गत दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान कार्यों, रसायनशाला, ड्रग टेस्टिंग लेबोरेटरी, कार्यशालाओं, सेमिनारों, सम्मेलनों, व्याख्यानों तथा संकाय एवं विद्यार्थियों के अकादमिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही आयुर्वेद में साक्ष्य-आधारित अनुसंधान, पाठ्यक्रम विकास, कौशल संवर्धन तथा चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए भी सहयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर आयुर्वेद संकाय के अधिष्ठाता प्रोफेसर गोविंद प्रसाद गुप्ता, पीजीआईए के प्राचार्य प्रोफेसर चंदन सिंह, संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय की अधीक्षक प्रोफेसर ए. नीलिमा रेड्डी, प्रोफेसर महेंद्र कुमार शर्मा, प्रभारी अधिकारी मीडिया प्रोफेसर दिनेश चंद्र शर्मा तथा उप-कुलसचिव डॉ. मनोज अदलखा उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

