महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता के लिए विदेशी पावणा भी उतरे : रैली निकाल दिया महिला अधिकारों का संदेश



जोधपुर, 16 मार्च (हि.स.)। शहर में महिला अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए गुरुवार को बड़ी रैली का आयोजन किया गया। संभली ट्रस्ट की ओर से निकाली गई इस रैली में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं भागीदार बनी। इस रैली का हिस्सा बनने के लिए विदेशों से भी मेहमान जोधपुर आए।

संभली ट्रस्ट के संस्थापक गोविंद सिंह राठौड़ ने बताया कि महिला दिवस के मौके पर इस रैली का आयोजन हर साल किया जाता है। लेकिन इस बार होली का पर्व होने के कारण इस रैली को महिला सप्ताह के रूप में आयोजित किया जा रहा है। यह रैली गौशाला मैदान से रवाना होकर पावटा सर्कल होते हुए नई सडक़ राजीव गांधी चौराहा पर समाप्त हुई।

संभली ट्रस्ट से जुड़ी सैकड़ों की संख्या में महिलाएं इसमें भागीदार बनी और हाथों में तख्तियां व महिला अधिकारों की नारेबाजी की गई। इस मौके पर ट्रस्ट के पदाधिकारी वीरेंद्र सिंह चौहान, श्यामा तंवर सहित अन्य मौजूद रहे।

संभली ट्रस्ट से जोधपुरी ही नही विदेशों में भी कई वॉलिंटियर जुड़े हुए हैं। वे भी साल में एक बार होने वाली इस अनूठी रैली का हिस्सा बनने के लिए जोधपुर आते हैं। इस बार भी करीब 10 से ज्यादा विदेशी वालंटियर जोधपुर पहुंचे हैं। संभली ट्रस्ट पिछले 15 सालों से महिला सशक्तिकरण के लिए काम कर रहा है। जोधपुर व जैसलमेर के साथ सेतरावा गांव में भी महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए कई सेंटर संचालित किए जाते। इसके अलावा बच्चियों को स्कॉलरशिप, सेल्फ डिफेंस और उनके लिए छात्रावास की व्यवस्था भी ट्रस्ट की ओर से की जाती है।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/ ईश्वर

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story