नस्ल सुधार एवं पशु रखरखाव के प्रति किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
नस्ल सुधार एवं पशु रखरखाव के प्रति किया जागरूक


जोधपुर, 05 नवम्बर (हि.स.)। राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय बीकानेर के अंतर्गत संचालित पशु विज्ञान केंद्र जोधपुर द्वारा ग्राम नारवा में पशुओं में नस्ल सुधार एवं पशुओं का रखरखाव विषय पर पशुपालकों के लिए विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम केंद्र के प्रभारी डॉ. सतेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र के सहायक आचार्य डॉ. अरविंद कुमार पंवार ने पशुपालकों के साथ पशुओं में नस्ल सुधार एवं उनके उचित रखरखाव के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि पशुधन की गुणवत्ता एवं उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए उन्नत नस्ल के पशुओं का चयन, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, उचित प्रजनन प्रबंधन तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक हैं। डॉ पंवार ने पशुओं के आवास की स्वच्छता, मौसम के अनुकूल देखभाल, समय पर टीकाकरण एवं बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाकर पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने के साथ पशुपालक अपनी आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ कर सकते हैं।

गोष्ठी में पशुपालकों की जिज्ञासाओं एवं पशुपालन से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा उन्हें व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक समाधान बताए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों को जागरूक कर आधुनिक एवं लाभकारी पशुपालन के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर नारवा सरपंच चंद्रवीर सिंह, अनिता, शिवराज एवं हीराराम उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story