जयपुर से शुरू हुआ ‘प्रारम्भ 2026’ अभियान, नए आयकर कानून को लेकर जागरूक करेगा विभाग

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर से शुरू हुआ ‘प्रारम्भ 2026’ अभियान, नए आयकर कानून को लेकर जागरूक करेगा विभाग


जयपुर, 22 मई (हि.स.)। आयकर विभाग ने नए आयकर अधिनियम 2025 को लेकर राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान “प्रारम्भ 2026” की शुरुआत शुक्रवार को जयपुर से की। अभियान का उद्देश्य करदाताओं, उद्योग जगत और कर पेशेवरों को नए आयकर कानून और आयकर नियम 2026 की जानकारी देना है।

कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त सुमित कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नए आयकर अधिनियम का मुख्य उद्देश्य कर कानूनों को सरल बनाना, विश्वास आधारित प्रशासन को बढ़ावा देना और करदाताओं को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है।

प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त ने कहा कि सरकार आयकर कानूनों को अधिक पारदर्शी और आसान बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नए कानून में कई प्रावधानों को गैर-अपराधीकरण की श्रेणी में लाया गया है ताकि करदाताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्वैच्छिक कर अनुपालन बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे डेटा आधारित “एनयूडीजीई अभियान” का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक लोग नए आयकर अधिनियम के बारे में जागरूक हों। कार्यक्रम के दौरान विभाग ने करदाताओं की सुविधा के लिए कई नई पहल भी लॉन्च कीं। इनमें पुस्तिकाएं, संवाद सत्र, कॉमिक बुक, “कर सेतु” और एआई आधारित चैटबॉट “कर साथी” शामिल हैं। इन पुस्तिकाओं में पुराने और नए आयकर प्रावधानों की तुलनात्मक जानकारी, क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सुविधाएं और करदाता मार्गदर्शिका दी गई है।

विभाग ने बहुभाषीय पुस्तिकाएं, एनिमेटेड वीडियो और डिजिटल कन्वर्टर यूटिलिटी भी विकसित की हैं, जिससे करदाताओं को नए नियम समझने में आसानी होगी।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों और कर विशेषज्ञों ने नए आयकर अधिनियम 2025 तथा आयकर नियम 2026 की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रस्तुति दी। साथ ही केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड द्वारा किए जा रहे तकनीकी नवाचारों की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम के अंत में इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने कर कानूनों से जुड़े सवाल पूछे।

इस जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न उद्योगों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, आईसीए ऑफ इंडिया के सदस्यों, कर विशेषज्ञों, धर्मार्थ ट्रस्टों और करदाताओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे करदाताओं और विभाग के बीच विश्वास और संवाद मजबूत होगा।

“प्रारम्भ 2026” अभियान के तहत आगामी दिनों में राजस्थान के विभिन्न शहरों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 25 मई को अलवर, 26 मई को अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, झुंझुनूं और उदयपुर, 28 मई को चूरू और जोधपुर तथा 29 मई को भिवाड़ी, कोटा और उदयपुर में कार्यक्रम होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story