अगस्त क्रांति दिवस पर धौलपुर में कांग्रेस सेवादल ने निकाली तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
अगस्त क्रांति दिवस पर धौलपुर में कांग्रेस सेवादल ने निकाली तिरंगा यात्रा


धौलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। अगस्त क्रांति दिवस एवं भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति में जिला कांग्रेस सेवादल धौलपुर की ओर से रविवार को लोकतंत्र बचाओ तिरंगा यात्रा निकाली गई। शहर के पुराना हॉस्पिटल चौराहा से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी पार्क एवं शहीद स्मारक पहुंची। यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस मौके पर कांग्रेस सेवादल की जिला अध्यक्ष समृद्धि दीक्षित ने कहा कि 9 अगस्त 1942 का भारत छोड़ो आंदोलन भारतीय इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय है, जब देश की जनता ने अंग्रेजी हुकूमत के सामने अपनी आजादी का अडिग संकल्प रखा था। आज हम जिस तिरंगे को सम्मान के साथ हाथों में लेकर चल रहे हैं, उसके हर रंग में स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और त्याग समाया है। आज की तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहीदों के प्रति कृतज्ञता और संविधान, लोकतंत्र तथा भारत की एकता-अखंडता की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए आमजन से भागीदारी का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में प्रदेश कांग्रेस सचिव अमित मुदगल, युवा ब्रिगेड जिलाध्यक्ष परवेज पठान, महिला विंग जिलाध्यक्ष विनेश सैन, पूर्व प्रधान धर्मेन्द्र दिनकर, कांग्रेस नेता पंकज तिवारी, जीतू कंषाना, श्यामू पंडित, दीपक सक्सेना एवं अभिषेक यादव सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे। उधर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से अगस्त क्रांति दिवस एवं भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहीदों को नमन किया गया। संचालन प्रवक्ता धनेश जैन ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story