सीकर में कुल्हाड़ी-गंडासी से हमला, चचेरे भाई की हत्या

WhatsApp Channel Join Now
सीकर में कुल्हाड़ी-गंडासी से हमला, चचेरे भाई की हत्या


सीकर, 04 मई (हि.स.)। जिले के रामगढ़ सेठान थाना क्षेत्र के तिहावली गांव में रविवार देर रात पारिवारिक रंजिश और कथित भ्रष्टाचार शिकायत के विवाद में चचेरे भाई की कुल्हाड़ी और गंडासी से हमला कर हत्या कर दी गई। हमले में मृतक की मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

मृतक की बेटी सपना के अनुसार परिवार खाना खाकर सो रहा था, तभी सरपंच (प्रशासक) भंवर कंवर के बेटे ओम सिंह अपने साथियों के साथ घर के बाहर पहुंचा। शोर सुनकर जब परिवार के सदस्य बाहर आए तो आरोपितों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में प्रकाश सिंह (43) की मौके पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके बेटे अभिजीत सिंह और मां नैन कंवर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन घायलों को फतेहपुर के धानुका अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्रकाश सिंह को मृत घोषित कर दिया। अभिजीत की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया।

परिवार ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन करीब तीन घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान आरोपित पक्ष घर के बाहर खड़े होकर धमकियां देता रहा। मृतक की पत्नी पिंकी ने आरोप लगाया कि हमलावरों में सरपंच प्रतिनिधि ओम सिंह, उसके परिवार के सदस्य और एक पुलिसकर्मी भी शामिल थे।

जानकारी के अनुसार मृतक प्रकाश सिंह ने आरोपित ओम सिंह के खिलाफ ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई थी।

इसी को लेकर दोनों परिवारों में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

परिजनों ने बताया कि पूर्व में भी आरोपी पक्ष द्वारा प्रकाश सिंह के घर में जहरीला सांप छोड़ने और उनके बेटे पर हमला करने जैसी घटनाएं हो चुकी थीं, जिनकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी।

सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए डीएसटी सहित पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story