राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया कैटरिंग उद्योग सम्मेलन कैटरकॉन इंडिया का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया कैटरिंग उद्योग सम्मेलन कैटरकॉन इंडिया का शुभारंभ


जयपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। देश के कैटरिंग एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग का सबसे बड़ा राष्ट्रीय आयोजन 6वां एफएआईसी राष्ट्रीय अधिवेशन एवं प्रदर्शनी – कैटरकॉन इंडिया 2026 का शुभारंभ शनिवार को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में भव्य रूप से हुआ। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया कैटरर्स (एफएआईसी) एवं जयपुर कैटरिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन 1 से 3 अगस्त 2026 का राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर देशभर से आए कैटरिंग एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग से जुड़े उद्यमी, प्रदर्शक, निर्माता, सप्लायर्स, सेवा प्रदाता, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि एवं हजारों प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह के साथ ही भारत के कैटरिंग एवं फूड सर्विस उद्योग के सबसे बड़े समर्पित सम्मेलन की शुरुआत हुई, जिसमें 3 हजार से अधिक पंजीकृत प्रतिनिधि, 500 से अधिक प्रदर्शक तथा हजारों व्यापारिक आगंतुक एक ही मंच पर एकत्र हुए। सम्मेलन का उद्देश्य नवाचार, उद्यमिता, खाद्य सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, कौशल विकास एवं व्यापारिक सहयोग को नई दिशा प्रदान करना है।

इस कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण 1000 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित निवेश वाले विभिन्न समझौता ज्ञापनों (एमओयू) की घोषणा एवं आदान-प्रदान रहा। ये निवेश भारतीय कैटरिंग, हॉस्पिटैलिटी एवं फूड सर्विस उद्योग में आधारभूत संरचना के विकास, आधुनिक कमर्शियल किचन, फूड प्रोसेसिंग, तकनीकी उन्नयन, कौशल विकास तथा नए व्यावसायिक अवसरों को गति प्रदान करेंगे।

राजस्थान विधानसभा के माननीय अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि कैटरिंग एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग रोजगार सृजन, उद्यमिता, पर्यटन और प्रदेश एवं देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने भारतीय कैटरिंग उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए नवाचार, कौशल विकास, खाद्य सुरक्षा तथा गुणवत्ता मानकों को अपनाने पर विशेष बल दिया।

इस अवसर पर एफएआईसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र सोमानी ने कहा, 6वां एफएआईसी राष्ट्रीय अधिवेशन एवं प्रदर्शनी 2026 हमारे संगठन की विकास यात्रा का एक और ऐतिहासिक पड़ाव है और भारतीय कैटरिंग एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग में निवेशकों और उद्योग जगत का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

एफएआईसी के मानद वरिष्ठ महासचिव किरीट बुधदेव ने कहा, एफएआईसी राष्ट्रीय अधिवेशन का छठा संस्करण भारतीय कैटरिंग समुदाय की निरंतर प्रगति और एकजुटता का प्रतीक है। प्रत्येक संस्करण के साथ हमारा उद्देश्य देशभर के कैटरिंग प्रोफेशनल्स, उद्यमियों, निर्माताओं, सप्लायर्स और हॉस्पिटैलिटी विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाकर उद्योग के समग्र विकास को नई दिशा देना रहा है।

एफएआईसी के उपाध्यक्ष सुनील सोनखिया ने कहा, कैटरकॉन इंडिया 2026 के दौरान घोषित निवेश प्रस्ताव भारतीय कैटरिंग एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य में उद्योग जगत के विश्वास को दर्शाते हैं। जयपुर में आयोजित यह अब तक का हमारा सबसे बड़ा राष्ट्रीय अधिवेशन है, जिसमें विश्वस्तरीय ज्ञानवर्धक सत्र, तकनीकी कार्यशालाएं, बिजनेस नेटवर्किंग, निवेश सहयोग और प्रतिष्ठित एफएआईसी अवॉर्ड्स 2026 जैसे अनेक महत्वपूर्ण आयाम शामिल हैं। हमें विश्वास है कि यह सम्मेलन प्रत्येक प्रतिनिधि के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और भारतीय कैटरिंग उद्योग के भविष्य को नई दिशा देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story