राजस्थान विधानसभा लोकतंत्र, सुशासन और जनकल्याण की मजबूत आधारशिला- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को राजस्थान विधानसभा में आयोजित विधायी गौरव यात्रा: पूर्व एवं वर्तमान सदस्य समागम कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विधानसभा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर मनाया जा रहा अमृत महोत्सव लोकतंत्र में हमारी अटूट आस्था, जन-जन की आकांक्षाओं तथा प्रदेश की गौरवशाली लोकतांत्रिक यात्रा का ऐतिहासिक उत्सव है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1952 में 160 सदस्यों के साथ प्रारंभ हुई राजस्थान विधानसभा की यात्रा आज लोकतंत्र, सुशासन और जनकल्याण की मजबूत आधारशिला बन चुकी है। उन्होंने कहा कि समय के साथ सरकारें और विचारधाराएं बदलीं, लेकिन जनहित सर्वाेपरि रखने का संकल्प कभी नहीं बदला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत महोत्सव एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष चलने वाला लोकतांत्रिक महोत्सव है। इस दौरान संसदीय एवं संविधान विशेषज्ञों के विचार, लोकतंत्र की चुनौतियों पर विमर्श, विधानसभा के डिजिटल रूपांतरण पर चर्चा और नई पीढ़ी को संसदीय परंपराओं से जोड़ने जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अनुभव, ऊर्जा, परंपरा और नवाचार का अद्भुत समागम देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदेशवासियों के विश्वास, जनप्रतिनिधियों के समर्पण और लोकतांत्रिक मूल्यों की सुदृढ़ परंपरा का उत्सव है।
कार्यक्रम में लाेकसभा अध्यक्ष ओम बिरला विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित बड़ी संख्या में पूर्व एवं वर्तमान विधायकगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

