असम राइफल्स ने दिव्यांग पूर्व सैनिक को दी विशेष स्कूटी
जयपुर, 06 जून (हि.स.)। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए असम राइफल्स ने सीकर निवासी दिव्यांग पूर्व सैनिक राइफलमैन राजपाल को विशेष रूप से तैयार की गई स्कूटी उपलब्ध कराई है। वहीं उनकी विशेष आवश्यकता वाली बेटी को व्हीलचेयर प्रदान कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है।
जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) राजस्थान लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि राइफलमैन राजपाल ने 10 मई 2026 को जयपुर में आयोजित पूर्व सैनिक रैली के दौरान अपनी आवाजाही में आ रही कठिनाइयों के संबंध में सहायता का अनुरोध किया था। रैली के दौरान उनकी मुलाकात असम राइफल्स के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल जय सिंह बैंसला से हुई थी।
राजपाल ने अपनी दिव्यांगता के कारण दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों से अवगत कराया, जिस पर असम राइफल्स ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके लिए विशेष रूप से अनुकूलित स्कूटी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। यह स्कूटी उनके सीकर स्थित निवास पर पहुंचाकर सौंपी गई। इसी दौरान राइफलमैन राजपाल की विशेष आवश्यकता वाली बेटी को भी व्हीलचेयर प्रदान की गई, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली है। यह पहल पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति असम राइफल्स की कल्याणकारी और संवेदनशील सोच को दर्शाती है।
राइफलमैन राजपाल ने इस सहायता के लिए असम राइफल्स तथा मेजर जनरल जय सिंह बैंसला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली यह मदद उनके जीवन को अधिक सुगम बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

