अशोक सिंघल जन्मशताब्दी वर्ष में विहिप पूरे साल करेगा विशेष कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
अशोक सिंघल जन्मशताब्दी वर्ष में विहिप पूरे साल करेगा विशेष कार्यक्रम


सेवा, समरसता, स्वदेशी, हिन्दू सशक्तीकरण एवं गौरक्षा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प

जोधपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद, जोधपुर प्रान्त द्वारा अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में वर्षभर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की घोषणा की गई। इस संबंध में विहिप पदाधिकारियों ने सर्किट हाउस में कार्यक्रमों को लेकर पत्रक का विमोचन भी किया।

विहिप प्रान्त मंत्री परमेश्वर जोशी ने बताया कि 27 सितंबर से अशोक सिंघल का जन्मशताब्दी वर्ष प्रारंभ हुआ है। इस अवसर पर प्रान्त के 25 संगठनात्मक जिला केंद्रों पर आगामी शारदीय नवरात्रि में महिला सशक्तीकरण के रूप में दुर्गावाहिनी एवं मातृशक्ति के शक्ति संचलन आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पूरे प्रान्त में 100 चयनित स्थानों पर बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के प्रमुख विषयों में सामाजिक समरसता, गौरक्षा, सेवा, स्वदेशी आग्रह, बजरंग दल कार्यकर्ता सम्मेलन, मंदिर पुजारी आयाम के कार्य, सांस्कृतिक जनजागरण एवं संगठन कार्य का विस्तार शामिल रहेगा।

प्रान्त अध्यक्ष डॉ. राम गोयल ने बताया कि जन्मशताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों का उद्देश्य अशोक सिंघल के जीवन-संदेश को व्यापक समाज तक पहुंचाना, भारतीय संस्कृति के प्रति गौरवबोध जागृत करना तथा सेवा, संगठन, संस्कार एवं सामाजिक समरसता के कार्यों को नई ऊर्जा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक पूरे प्रान्त में हितचिंतक अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत 10 लाख से अधिक हितचिंतक बनाकर उन्हें विश्व हिन्दू परिषद से जोडऩे का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डॉ. गोयल ने कहा कि नवरात्रि में आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों में विहिप का आग्रह रहेगा कि गरबा पांडाल में नृत्य करने वाले, संगीत बजाने वाले तथा गायक हिन्दू समाज के लोग ही हों। इन स्थानों पर बजरंग दल के कार्यकर्ता आगंतुकों का तिलक लगाकर पांडाल में प्रवेश करवाएंगे। इस दौरान विहिप प्रांत उपाध्यक्ष मानाराम विश्नोई, विहिप के महेंद्र उपाध्याय, अमित पाराशर, विक्रम परिहार, प्रेक्षा रामावत, अरुण सिंघवी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story