एकांतवास में अपने कार्यकाल का आकलन करें अशोक गहलोत: डॉ. अरुण चतुर्वेदी

WhatsApp Channel Join Now
एकांतवास में अपने कार्यकाल का आकलन करें अशोक गहलोत: डॉ. अरुण चतुर्वेदी


जयपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए उन्हें अपने कार्यकाल के कामकाज और फैसलों का आकलन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गहलोत को एकांतवास में जाकर अपने कार्यकाल की समीक्षा करनी चाहिए और प्रदेश के युवाओं के साथ किए गए कथित धोखे पर पछतावा करना चाहिए।

डॉ. चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भी अशोक गहलोत को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब गहलोत की पहले जैसी प्रासंगिकता और सम्मान नहीं रह गया है। उनके अनुसार, यही वजह है कि गहलोत मीडिया में बयान देकर राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने का प्रयास कर रहे हैं।

पंचायत चुनाव को लेकर डॉ. चतुर्वेदी ने दावा किया कि जिस तरह शहरी क्षेत्रों में जनता ने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दिया है, उसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत होगी और प्रदेश के अधिकांश जिला परिषदों में जिला प्रमुख तथा पंचायत समितियों में प्रधान भाजपा के बनेंगे।

जिला प्रमुख, पंचायत समिति प्रधान और अन्य पदों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के चयन के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित और लोकतांत्रिक पार्टी है। पार्टी नेतृत्व जिस भी कार्यकर्ता के नाम पर सहमति बनाएगा, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसे जिताने के लिए काम करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story