जिला परिषद चुनाव परिणामों पर गहलोत बोले-बदलाव के संकेत, 2028 में राजस्थान में भारी बहुमत से जीतेंगे
जयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जिला परिषद चुनावों के परिणामों को कांग्रेस के लिए उत्साहजनक बताते हुए दावा किया कि इन चुनावों ने राजस्थान की राजनीति में बदलाव के कई संकेत दिए हैं। गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि कांग्रेस ने 24 जिला परिषदों में जिला प्रमुख बनाए हैं और इन चुनाव परिणामों में महिलाओं तथा युवाओं की बढ़ती भागीदारी विशेष रूप से दिखाई दी है।
गहलोत ने कहा कि जिला प्रमुखों के चुनाव में कांग्रेस को भारी बहुमत मिला है। उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक जोड़तोड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को पांच से दस जिला प्रमुख मिलने की उम्मीद थी और पार्टी ने अपने तरीके से यह संख्या हासिल की है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस की उपलब्धि महत्वपूर्ण है।
गहलोत ने कहा कि जिला प्रमुखों के चुनाव में कांग्रेस की ओर से बड़ी संख्या में महिलाएं जीतकर सामने आई हैं। उनके अनुसार कांग्रेस की करीब 17-18 महिला जिला प्रमुख बनी हैं, जबकि भाजपा की ओर से लगभग सात महिलाएं निर्वाचित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को अधिक टिकट दिए और इसका परिणाम भी सामने आया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने जिला प्रमुखों की औसत आयु का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछली बार यह उम्र करीब 48 वर्ष थी, जबकि इस बार यह घटकर लगभग 41 वर्ष रह गई है। उन्होंने कहा कि करीब 36-37 वर्ष की औसत आयु वाली महिलाओं का जिला प्रमुख बनकर सामने आना सकारात्मक संकेत है।
गहलोत ने कहा कि युवा पीढ़ी और महिलाओं को जनता अधिक पसंद कर रही है तथा उनका चुनाव जीतकर आगे आना लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।
उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने महिलाओं की भागीदारी, उनकी औसत आयु और जिला प्रमुखों की औसत उम्र को लेकर राजनीति में बदलाव के संकेत दिए हैं।
चूरू में जिला प्रमुख चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग और बगावत को लेकर पूछे गए सवाल पर गहलोत ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस पूरे मामले को देख रही है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां पार्टी के साथ बेईमानी हुई है, वहां कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बीकानेर में कार्रवाई किए जाने का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूरे मामले की निगरानी कर रही है।
राजस्थान में अगले विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता परिवर्तन की कांग्रेस की संभावनाओं पर गहलोत ने कहा कि भाजपा ने देश के कई राज्यों में नए चेहरों को नेतृत्व दिया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में वर्तमान सरकारों को करीब तीन वर्ष हो चुके हैं और समय बीतने के साथ जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। गहलोत ने कहा कि हाल के चुनाव परिणामों को केवल कांग्रेस का दावा नहीं माना जाना चाहिए, बल्कि जनता के रुझान के रूप में देखा जाना चाहिए।
केंद्र की राजनीति पर भी गहलोत ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन राहुल गांधी के नेतृत्व में मजबूती से मैदान में उतरेगा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अनुभव भी काम आएगा।
उन्होंने दावा किया कि 2029 में एनडीए सरकार का सफाया होगा और विपक्षी गठबंधन भारी बहुमत से केंद्र में सरकार बनाएगा।
गहलोत ने कहा कि चुनाव परिणामों से जनता के बदलते रुख के संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने स्तर पर दावे कर सकते हैं, लेकिन वास्तविक संदेश चुनाव परिणामों के माध्यम से जनता देती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

