गुरु ही गढ़ता है श्रेष्ठ व्यक्तित्व : हनुमान सिंह राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
गुरु ही गढ़ता है श्रेष्ठ व्यक्तित्व : हनुमान सिंह राठौड़


अजमेर, 27 जुलाई(हि.स.)। संस्कार भारती अजयमेरु की ओर से गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के महात्मा गांधी सभागार में श्रद्धा, भक्ति और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कला साधकों एवं गुरुजनों का सम्मान किया गया, संघ गीतों की प्रस्तुति दी गई तथा विभिन्न पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। संस्था के प्रचार प्रमुख राजेंद्र गांधी ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद हनुमान सिंह राठौड़ तथा विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी दर्शना शर्मा थीं। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. जितेंद्र थडानी ने किया। मुख्य अतिथि हनुमान सिंह राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही व्यक्ति को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान, संस्कार और सत्य के मार्ग पर अग्रसर करते हुए उसके व्यक्तित्व का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन से ही समाज और राष्ट्र को योग्य एवं जिम्मेदार नागरिक मिलते हैं। विशिष्ट अतिथि दर्शना शर्मा ने कहा कि गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखना प्रत्येक विद्यार्थी का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से गुरु के बताए मार्ग पर चलकर संस्कारित, राष्ट्रनिष्ठ और सेवाभावी नागरिक बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रख्यात संगीतज्ञ डॉ. रजनीश चारण 'राघव' को 'कला गुरु सम्मान' से सम्मानित किया गया। उन्होंने 'स्वर राष्ट्र चेतना' के अंतर्गत संघ गीतों की प्रभावशाली

प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय संस्कार भारती के साहित्य विभाग प्रमुख डॉ. सुरेश बबलानी तथा संस्कार भारती अजयमेरु इकाई के अध्यक्ष प्रो. प्रताप पिंझानी द्वारा लिखित पुस्तकों का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभअतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संचालन संस्था के महामंत्री कृष्णगोपाल पराशर ने किया। इस अवसर पर अरविंद शुक्ला, अशोक शर्मा, सुमन वैष्णव, कंचन, महेंद्र, नंदलाल शर्मा, संजय सेठी, ज्ञानेश्वर, विनोद टेकचंदानी, अनिल सिंघल सहित संस्था के पदाधिकारी, कला साधक एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story