दिल्ली में तैनात भदेसर क्षेत्र के आर्मी जवान की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
चित्तौड़गढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भदेसर उपखंड के धीरजी का खेड़ा गांव के एक आर्मी जवान पहलवान गुर्जर की ऑन ड्यूटी दिल्ली में ही मौत हो गई। आर्मी के अधिकारियों ने उसके परिजनों को इस बात की सूचना दी गई। सूचना पर आर्मी जवान का भाई दिल्ली स्थित अस्पताल में पहुंचा है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं लगा है। प्रारंभिक तौर पर ह्दयघात से मृत्यु होना बताया जा रहा है। आर्मी जवान के शव को शीघ्र पैतृक गांव लाने की कवायद शुरू हो गई है।
चित्तौड़गढ़ जिले में भदेसर उपखंड के धीरजी का खेड़ा निवासी आर्मी जवान पहलवान गुर्जर के भाई रमेश गुर्जर ने इस संबंध में जानकारी दी है। रमेश गुर्जर ने बताया कि पिछले करीब 10 वर्षों से उसका भाई पहलवान गुर्जर आर्मी में कार्यरत है। पूर्व में उसे लखनऊ में तैनात किया गया था। वहीं वर्तमान में उसकी दिल्ली में ड्यूटी थी। रमेश गुर्जर ने बताया कि गुरुवार को आर्मी की ओर से सूचना मिली कि उनका भाई पहलवान गुर्जर की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई है। उसे जानकारी मिली कि दिल्ली के आरआर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी मिलने के बाद रमेश गुर्जर गुरुवार दोपहर दिल्ली पहुंचा और आरआर अस्पताल में जाकर जानकारी ली है। रमेश ने बताया कि आर्मी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई और हार्ट अटैक की संभावना जताई गई है। बताया जाता है कि शहीद आर्मी जवान पहलवान गुर्जर राजपूत बटालियन में तैनात था। उसके शव को चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर उपखंड क्षेत्र में स्थित धीरजी का खेड़ा लाया जाएगा। संभावना है कि शुक्रवार को इसके शव का अंतिम संस्कार होगा। मृतक जवान पहलवान गुर्जर का भाई रमेश गुर्जर कांग्रेस का पंचायत अध्यक्ष है। इधर, आर्मी जवान पहलवान गुर्जर की असामयिक मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों के साथ ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इस पर विधायक चंद्रभानसिंह आक्या, पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने शोक जताते हुए श्रद्धांजलि दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

