डीग में 21 साल की आर्किटेक्चर छात्रा बनीं सबसे युवा सरपंच

WhatsApp Channel Join Now
डीग में 21 साल की आर्किटेक्चर छात्रा बनीं सबसे युवा सरपंच


डीग में 21 साल की आर्किटेक्चर छात्रा बनीं सबसे युवा सरपंच


जयपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। उम्र महज 21 साल, हाथ में आर्किटेक्चर की पढ़ाई और सामने गांव की जिम्मेदारी... डीग जिले की बेर्रू ग्राम पंचायत में हुए पंचायत चुनाव का परिणाम कुछ ऐसा रहा कि एक युवा छात्रा ने राजनीति में कदम रखते हुए इतिहास रच दिया। जयपुर में आर्किटेक्चर की पढ़ाई कर रहीं अंकिता यादव ने सरपंच का चुनाव जीतकर जिले की सबसे कम उम्र की सरपंच बनने का गौरव हासिल किया है।

बृजनगर पंचायत समिति की बेर्रू ग्राम पंचायत की इस सीट पर अंकिता यादव को 1,288 वोट मिले। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सोनू कुमारी को 616 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। सोनू कुमारी को 672 वोट मिले। सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर अंकिता की जीत को गांव की राजनीति में युवा नेतृत्व की दस्तक के तौर पर देखा जा रहा है।

अंकिता यादव का जन्म 26 अक्टूबर 2005 को हुआ। उनके पिता का नाम महावीर सिंह यादव है।

अंकिता जयपुर की एक निजी एकेडमी में चार वर्षीय आर्किटेक्चर कोर्स कर रही हैं। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पंचायत चुनाव लड़ने का फैसला किया और जीत हासिल कर जिले की सबसे युवा सरपंच बनने का गौरव प्राप्त किया।

सरपंच बनने के बाद अंकिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती पढ़ाई और पंचायत की जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की होगी।

गांव में सड़क, जल निकासी, सफाई, पेयजल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य उनकी प्राथमिकताओं में रहेंगे। आर्किटेक्चर की पढ़ाई के दौरान हासिल तकनीकी ज्ञान का इस्तेमाल वह गांव के विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की योजना बनाने में किस तरह करती हैं, यह भी खासा दिलचस्प होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774590 Articles

Share this story