मुख्यमंत्री ने दी सरकारी भूमि आवंटन को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने दी सरकारी भूमि आवंटन को मंजूरी


जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। बारां जिले के ग्रामीण और वन क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 11 सड़कों के निर्माण के लिए 26.40 हेक्टेयर राजकीय भूमि आवंटित करने की मंजूरी दी है।

यह भूमि छबड़ा, शाहबाद और बारां तहसीलों में वन भूमि पर बनने वाली सड़कों के लिए आवंटित की जाएगी।

भूमि आवंटन की स्वीकृति के बाद संबंधित क्षेत्रों में सड़क निर्माण का रास्ता साफ होगा। इससे ग्रामीण और वन क्षेत्रों में आवागमन आसान होने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। सड़क सुविधा विकसित होने से ग्रामीणों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी सुगम होगी।

राज्य सरकार के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क विकसित करना प्राथमिकता में है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक गांव और ग्रामीण क्षेत्र तक बेहतर सड़क एवं आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

जैसलमेर में एस्केप चैनल के लिए 785.87 हेक्टेयर भूमि को मंजूरी

पश्चिमी राजस्थान में सिंचाई तंत्र को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने जैसलमेर जिले के लिए भी महत्वपूर्ण स्वीकृति दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इंदिरा गांधी नहर परियोजना क्षेत्र में प्रस्तावित एस्केप चैनल के निर्माण के लिए 785.87 हेक्टेयर भूमि आवंटन को मंजूरी दी है।

यह एस्केप चैनल इंदिरा गांधी नहर परियोजना क्षेत्र में बाबा रामदेव सब ब्रांच की बुर्जी पर प्रस्तावित है। भूमि आवंटन की स्वीकृति मिलने से चैनल निर्माण का रास्ता साफ होगा।

सरकार के अनुसार इससे पश्चिमी राजस्थान के नहरी क्षेत्र में सिंचाई तंत्र के विकास और सुदृढ़ीकरण को गति मिलेगी।

एस्केप चैनल के निर्माण से क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और जल संसाधनों के प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे नहरी क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story