राजौसी जीएसएस में गोदाम निर्माण को आज ही मिलेगी स्वीकृति
जयपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार ने शुक्रवार को विधानसभा में घोषणा की कि विधानसभा क्षेत्र नसीराबाद की ग्राम सेवा सहकारी समिति (जीएसएस), राजौसी में गोदाम निर्माण के लिए प्रस्ताव विभाग को प्राप्त हो चुका है और आवश्यक भूमि उपलब्ध होने के कारण इसकी स्वीकृति आज ही जारी कर दी जाएगी।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक रामस्वरूप लाम्बा के पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए मंत्री ने बताया कि नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र में कुल पांच ग्राम सेवा सहकारी समितियां संचालित हैं। इनमें से चार समितियों के पास गोदाम निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं है, जिससे वहां गोदाम निर्माण संभव नहीं हो पाया।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी ग्राम सेवा सहकारी समिति में गोदाम निर्माण के लिए वैध स्वामित्व वाली भूमि का होना अनिवार्य है।
साथ ही संबंधित प्रबंध निदेशक, केन्द्रीय सहकारी बैंक अथवा उप रजिस्ट्रार, सहकारी समिति की अनुशंसा सहित प्रस्ताव प्राप्त होने पर तथा बजट उपलब्धता के आधार पर स्वीकृति दी जाती है।
इससे पूर्व सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में मंत्री ने बताया कि नसीराबाद क्षेत्र की कोई भी ग्राम सेवा सहकारी समिति किराये के भवन में संचालित नहीं हो रही है। हालांकि, क्षेत्र की पांचों समितियों के पास वर्तमान में स्वयं के गोदाम नहीं हैं। गोदाम विहीन समितियों का विवरण भी सदन के पटल पर रखा गया।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि जहां भूमि एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होंगी, वहां प्राथमिकता से गोदाम निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी, जिससे किसानों को भंडारण सुविधा उपलब्ध हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

