अनूप जलोटा की भजन संध्या 17 अप्रैल को: उप मुख्यमंत्री ने किया पोस्टर विमोचन
जयपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। शहर में भक्ति और संगीत का अनूठा संगम 17 अप्रैल को देखने को मिलेगा, जब भजन सम्राट अनूप जलोटा की भव्य भजन संध्या का आयोजन मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में सायं 7 से 10 बजे तक किया जाएगा। इस आयोजन का संचालन हरे कृष्ण मूवमेंट के गुप्त वृन्दावन धाम द्वारा किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए सनातन धर्म और वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए शुभकामनाएं दीं। भजन संध्या में अनूप जलोटा अपने प्रसिद्ध कृष्ण भजनों—‘जग में सुन्दर है दो नाम’ और ‘अच्युतम केशवं’—की प्रस्तुति देंगे, जिससे हजारों श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त करेंगे।
गुप्त वृन्दावन धाम को राजस्थान का प्रमुख मंदिर एवं सांस्कृतिक केंद्र माना जाता है। मंदिर प्रबंधन ने जयपुरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर भजनों का आनंद लेने का आह्वान किया है। इस भव्य आयोजन में शहर की गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति भी रहेगी, जिससे यह संध्या और अधिक खास बनने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

