अनूप जलोटा की भजन संध्या में उमड़ा भक्ति का सागर, हजारों श्रद्धालु हुए मंत्रमुग्ध

WhatsApp Channel Join Now
अनूप जलोटा की भजन संध्या में उमड़ा भक्ति का सागर, हजारों श्रद्धालु हुए मंत्रमुग्ध


जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। शहर में गुरुवार शाम भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब गुप्त वृंदावन धाम, जगतपुरा के तत्वावधान में मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने अपनी मधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुति से हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सायं 7 बजे से आरंभ हुए इस आयोजन में जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगीत प्रेमी पहुंचे। अनूप जलोटा ने ‘जग में सुन्दर है दो नाम’ और ‘अच्युतम केशवं’ जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। सभागार में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में डूबकर भगवान के नाम संकीर्तन में सहभागी बने और पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। कार्यक्रम में शहर की कई गणमान्य हस्तियों की भी उपस्थिति रही। आयोजन के दौरान गुप्त वृंदावन धाम के प्रतिनिधियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज में सनातन धर्म, वैदिक संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है, जिससे विशेष रूप से युवाओं और परिवारों को सकारात्मक दिशा मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story